Darbhanga News : स्नातक छात्राओं के डेटा अपलोड की अंतिम तिथि बढ़ी, भुगतान में देरी से परेशानी
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक छात्राओं के लिए मेधा सॉफ्ट पोर्टल पर डेटा अपलोड की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ा दी गई है। फंड की कमी के कारण ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक पास छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग के मेधा साफ्ट पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की अंतिम मंगलवार तक है।
पहले यह समय सीमा 15 जून तक थी, जिसे शिक्षा विभाग ने बढ़ाकर 30 जून कर दिया है ताकि छूटे हुए सभी पात्र छात्राओं का रिकार्ड पोर्टल पर अपलोड किया जा सके। इसके बाद ही छात्राओं के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह शुरू हो पाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अधीन दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं बेगूसराय के कालेजों के विभिन्न सत्रों की एक लाख छात्राओं का डाटा पोर्टल पर सफलतापूर्वक अपलोड किया जा चुका है।
डाटा अपलोड करने की इस प्रक्रिया के बीच विश्वविद्यालय के रिकार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर बंद होने या बदल जाने के कारण अंतिम तिथि तक छात्राओं का डाटा पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया की जा रही थी।
बता दें कि स्नातक सत्र 2022-25 की 80 हजार से अधिक छात्राओं का डाटा अब तक अपलोड किया जा चुका है। इसके अलावा सत्र 2021-24 की पूर्ववर्ती छात्राओं का डाटा भी पोर्टल पर अपलोड किया गया है।
वहीं सत्र 2020-23 की सैकड़ों छात्राओं के खाते में अब तक प्रोत्साहन राशि नहीं पहुंच सकी है, जिसे लेकर छात्राएं लगातार आवेदन कर रही हैं।
फंड के अभाव में अटका भुगतान
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण हजारों छात्राओं के आवेदन विश्वविद्यालय स्तर पर स्वीकृत होने के बाद भी शिक्षा विभाग से राशि जारी नहीं की गई है।
फंड की कमी के कारण भुगतान अटका हुआ है, जिसके समाधान के लिए बेगूसराय, समस्तीपुर और मधुबनी से छात्राएं लगातार विश्वविद्यालय मुख्यालय के चक्कर काट रही हैं।
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि दिसंबर 2025 तक स्नातक तृतीय खंड (वर्ष 2021, 2022, 2023, 2024 और 2025) में उत्तीर्ण सभी पात्र छात्राओं का डाटा अनिवार्य रूप से पोर्टल पर जोड़ दिया जाए, ताकि कोई भी योग्य छात्रा इस लाभ से वंचित न रहे।