दरभंगा में मिथिला विश्वविद्यालय का नया अध्याय, खेल निदेशालय और रिसर्च पर बड़ा फोकस
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय 5 अगस्त को अपना 54वां स्थापना दिवस मना रहा है, जिसमें खेल निदेशालय की स्थापना और नए वोकेशनल कोर्स शुरू किए जा रहे हैं ...और पढ़ें

कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ।
HighLights
खेल निदेशालय की स्थापना, नए वोकेशनल कोर्स शुरू।
शोध-केंद्रित शिक्षा पर जोर, डिजिटल सुविधाओं का विस्तार।
54वां स्थापना दिवस, भूपेंद्र नारायण मंडल विवि के कुलपति मुख्य अतिथि।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय पांच अगस्त को अपनी स्थापना के 53 वर्ष पूरे कर 54 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पांच अगस्त 1972 को स्थापित यह विश्वविद्यालय अब केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित न रहकर खेल निदेशालय और शोध-केंद्रित विश्वविद्यालय के रूप में खुद को स्थापित करने की ओर अग्रसर है।
विश्वविद्यालय में खेल और शारीरिक शिक्षा निदेशालय की स्थापना को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत आगामी सत्र से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग तथा स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास मीडिया टेक्नोलाजी जैसे वोकेशनल व रोजगारपरक कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।
इससे मिथिलांचल के युवाओं को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने विश्वविद्यालय को एक अग्रणी शोध केंद्र के रूप में विकसित करने का खाका तैयार किया है।
भूगोल विभाग में आडियो-वीडियो व रिमोट सेंसिंग लैब तथा पुस्तकालय में ई-लर्निंग व इन्फ्लिबनेट डिजिटल रिसर्च प्लेटफार्म की सुविधा है। शोध क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं को राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर सराहा गया है।
लोकभवन के निर्देशानुसार समर्थ के 44 माड्यूल्स लागू, जिससे लीव, पेंशन जैसी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी तरह आनलाइन और पारदर्शी हो गई हैं। सभी अंगीभूत एवं संबद्ध कालेजों के पुस्तकालयों को ई. ग्रंथालय से जोड़ा जा रहा है। छात्राओं के लिए आधुनिक महिला छात्रावास एवं सोशल साइंस ब्लाक का निर्माण पूरा हो चुका है।
खबरें और भी
स्थापना दिवस आज, विमलेन्दु शेखर झा होंगे मुख्य अतिथि
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का 54 वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित जुबली हाल में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि सह उद्घाटनकर्ता भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति प्रो. विमलेन्दु शेखर झा होंगे।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी करेंगे। विश्वविद्यालय की कुलसचिव डा. दिव्या रानी हंसदा ने कहा कि सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम शुरू होगा।
विश्वविद्यालय मिथिला की शैक्षणिक गरिमा को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए कटिबद्ध है। एनईपी 2020, खेल निदेशालय, डिजिटल तकनीक और शोध-आधारित शिक्षा के माध्यम से हम युवाओं को 21 वीं सदी की चुनौतियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार कर रहे हैं।
प्रो. संजय कुमार चौधरी, कुलपति, लनामिवि, दरभंगा।