मिथिला विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश का सुनहरा अवसर, 2.24 लाख सीटों पर करें आवेदन
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 में 2.24 लाख खाली सीटों पर नामांकन के लिए पोर्टल फिर से खोला है। इच्छुक छात्र 3 से ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मिथिला विश्वविद्यालय में स्नातक की 2.24 लाख सीटें खाली।
नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 से 6 अगस्त तक।
चूक गए छात्रों को प्रवेश का एक और मौका।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विभिन्न विषयों में नामांकन के लिए एक और अवसर प्रदान किया है।
प्रथम और द्वितीय चयन सूची के आधार पर हुए नामांकनों के बाद भी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कालेजों में भारी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं, जिन्हें भरने के लिए पोर्टल को पुन खोलने का फैसला लिया गया है।
विश्वविद्यालय के आधिकारिक सूचना के अनुसार, स्नातक सत्र 2026-30 के लिए कुल 3,27,839 सीटें स्वीकृत हैं।
अब तक प्रथम और द्वितीय मेधा सूची के माध्यम से कुल 1,03,216 अभ्यर्थियों ने ही विभिन्न कालेजों में नामांकन लिया है। इसके पश्चात भी विश्वविद्यालय में 2,24,623 सीटें रिक्त बची हुई हैं।
सीटों की इतनी बड़ी संख्या में खाली रहने के कारण ऐसे सभी अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया जा रहा है जो पूर्व में किसी कारणवश आवेदन करने से वंचित रह गए थे अथवा जिनका नामांकन अब तक नहीं हो सका है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशानुसार, इच्छुक अनामांकित और नए अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क का भुगतान कर रिक्त सीटों के विरुद्ध पुन आनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया तीन से छह अगस्त तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर खुली रहेगी। छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना आनलाइन फार्म और शुल्क जमा कर दें, क्योंकि तय तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
छात्र कल्याण अध्यक्ष ने इस संबंध में अधिसूचना जारी बताया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस विशेष अवसर से उन हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी जो स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश से चूक गए थे। छात्र अपनी सुविधा और खाली सीटों की स्थिति के अनुसार पसंदीदा कालेजों और विषयों का चयन कर सकते हैं।