Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में बेखौफ बदमाश, लूट में नाकाम हुए तो पान व्यवसायी को मारी गोली

    By Mukesh KumarEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Wed, 29 Jul 2026 11:20 AM (IST)

    दरभंगा में एनएच-27 पर देर रात पान व्यवसायी बाला भगत को लूट की कोशिश के दौरान बदमाशों ने गोली मार दी। पैर में गोली लगने से घायल व्यवसायी को अस्पताल में ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. एनएच-27 पर पान व्यवसायी को गोली मारी गई।

    2. लूट की कोशिश के दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

    3. घायल बाला भगत अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच कर रही है।

    संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी शोभन स्थित एनएच-27 पर मंगलवार देर रात लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने एक पान व्यवसायी को गोली मारकर जख्मी कर दिया।

    घायल की पहचान माधोपुर-बस्तवाड़ा पंचायत के माधोपुर निवासी 50 वर्षीय बाला भगत के रूप में हुई है। गोली उनके पैर में लगी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    जानकारी के अनुसार, बाला भगत प्रतिदिन की तरह दरभंगा बाजार से पान का कारोबार कर मंगलवार की रात साढ़े दस बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार बदमाशों ने कंसी शोभन के पास उन्हें ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की।

    बदमाशों की मंशा भांपते हुए बाला भगत ने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे नाराज अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

    गोली चलाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

    पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे लूट के प्रयास से जुड़ा मामला मान रही है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।