Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण में ट्रैक्टर चोरी के शक में युवक को पोल से बांधकर पीटा, पांच गिरफ्तार

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 08:31 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के हरकैना गांव में ट्रैक्टर चोरी के आरोप में एक युवक को बिजली के पोल से बांधकर पीटा गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते ...और पढ़ें

    युवक को पीटने के आरोप में गिरपतार युवक। फोटो: विभाग

    युवक को पीटने के आरोप में गिरपतार युवक। फोटो: विभाग

    HighLights

    1. ट्रैक्टर चोरी के आरोप में युवक को पोल से बांधकर पीटा।

    2. वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने पांच आरोपितों को पकड़ा।

    3. युवक की मां ने 11 नामजद लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई।

    संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरकैना गांव में ट्रैक्टर चोरी के आरोप में एक युवक को बिजली के पोल से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है।

    घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। मामले में युवक की मां की शिकायत पर 11 नामजद समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विवेक कुमार, राजेंद्र कुमार, संजीव कुमार, बंटी कुमार और कामेश्वर प्रसाद के रूप में हुई है।

    पुलिस निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मामले में अन्य नामजद और अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रसारित वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

    पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के बहुअरवा गांव निवासी मीना देवी ने प्राथमिकी में बताया है कि उनका पुत्र विकास कुमार यादव 27 जुलाई की रात करीब दो बजे बीमार मौसी का हालचाल लेने भवानीपुर जाने के लिए घर से निकला था।

    अगले दिन सुबह स्वजन ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबाइल बंद मिला। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि हरकैना गांव के लोगों ने उसे ट्रैक्टर चोरी के आरोप में पकड़ लिया है।

    मीना देवी के अनुसार, ग्रामीणों ने विकास को बिजली के पोल से बांधकर बेरहमी से पीटा। जानकारी मिलने के बाद स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां विकास गंभीर रूप से घायल अवस्था में इलाजरत मिला। इसके बाद उसकी मां ने मुफस्सिल थाने में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    प्राथमिकी में बंटी कुमार, विजय कुमार, नीरज कुमार, संजीव कुमार, राजेंद्र कुमार, विवेक कुमार, कामेश्वर कुमार, डब्लू कुमार, बबलू, सचिन और विनय को नामजद किया गया है।

    इसके अलावा 10 से 12 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। मीना देवी ने बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है।

    पुलिस के अनुसार, इसी घटना के संबंध में पहले हरकैना गांव के एक ग्रामीण ने विकास कुमार यादव पर ट्रैक्टर चोरी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

    अब मारपीट के आरोप में भी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टर चोरी के आरोप में युवक को पकड़ने और उसके साथ मारपीट करने की घटना किन परिस्थितियों में हुई।

    खबरें और भी

    इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।