बिहार में नकल का 'हाईटेक' तरीका: चप्पल में छिपाया डिवाइस; यूट्यूब से सीखी चीटिंग, तीन छात्र गिरफ्तार
Bihar Police Exam News: मोतिहारी में पुलिस भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा हुआ, जहाँ एक अभ्यर्थी चप्पल में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया ...और पढ़ें

अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों की जानकारी देते अधिकारी।
HighLights
अभ्यर्थी चप्पल में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया।
नकल का तरीका यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो अन्य को भी गिरफ्तार किया।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari High Tech Cheating: मोतिहारी में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल करने के प्रयास का खुलासा हुआ है।
एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान एक अभ्यर्थी को चप्पल में छिपाए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया है।
चप्पल में छिपा था डिवाइस
गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसकी चप्पल में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इसके जरिए परीक्षा के दौरान बाहर से उत्तर हासिल करने का प्रयास किया जा रहा था।
यूट्यूब से सीखा नकल तरीका
एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, पूछताछ में अविनाश ने बताया कि उसने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल करने का तरीका यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था। उसने डिवाइस ऑनलाइन मंगाया था और परीक्षा में इस्तेमाल करने की तैयारी की थी। पुलिस अब डिवाइस उपलब्ध कराने और नकल में मदद करने वालों की जानकारी जुटा रही है।
जांच से बचने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अविनाश ने डिवाइस लगी चप्पल को बाउंड्री के अंदर फेंक दिया था। इसके बाद वह नंगे पैर जांच कराकर परीक्षा केंद्र में दाखिल हुआ और बाद में चप्पल पहन ली। हालांकि अधिकारियों की सतर्कता के कारण उसकी योजना कामयाब नहीं हो सकी।
अधिकारियों की सतर्कता से पकड़ा
जिले में भर्ती परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए थे। कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। परीक्षा के दौरान सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर रहे थे। एलएनडी कॉलेज में संदिग्ध गतिविधि देखकर अभ्यर्थी की तलाशी ली गई, जिसके बाद मामला सामने आया।
दो अन्य आरोपित गिरफ्तार
अविनाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अभिनव कुमार और दीपक कुमार को भी गिरफ्तार किया। दोनों उसी गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
खबरें और भी
पूरे नेटवर्क की पड़ताल
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उपलब्ध कराने, परीक्षा के दौरान उत्तर भेजने और नकल की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूरे नेटवर्क की जांच के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।