Chhath Puja 2026 : छठी मइया के सम्मान में नेपाली सेना की परेड, मिलिट्री बैंड के साथ घाट पर पहुंचेंगे जवान
नेपाल के बीरगंज में छठ महापर्व पर नेपाली सेना मिलिट्री बैंड के साथ छठी मइया और सूर्यदेव को विशेष सलामी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
नेपाली सेना छठ महापर्व पर देगी विशेष सलामी।
बीरगंज के घड़ियारवा छठ घाट पर होगा यह आयोजन।
भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती।
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। भारत में ही नहीं पड़ोसी देश नेपाल में भी छठ महापर्व की आस्था का अलग ही रंग देखने को मिलता है। यहां छठी मइया और भगवान भास्कर के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए नेपाली सेना के जवान भी विशेष सलामी देंगे।
नेपाल के बीरगंज में रविवार की संध्या सेना की टुकड़ी मिलिट्री बैंड के साथ परेड करते हुए प्रसिद्ध घड़ियारवा छठ घाट पहुंचेगी। यहां सेना के प्रोटोकाल के अनुसार छठी मइया और सूर्यदेव को औपचारिक सलामी दी जाएगी। यह आयोजन भारत-नेपाल के सांस्कृतिक और पारंपरिक रिश्तों को भी नई मजबूती देगा।
मिलिट्री बैंड के साथ छठ घाट पहुंचेगी सेना
नेपाल के बीरगंज श्रीपुर में तैनात नेपाली सेना की श्रीजंग बटालियन की एक टुकड़ी इस आयोजन में शामिल होगी। महानगरपालिका के वार्ड नंबर 10 स्थित घड़ियारवा छठ घाट तक जवान मिलिट्री बैंड के साथ परेड करते हुए पहुंचेंगे। टुकड़ी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल लोकेंद्र कार्की करेंगे।
सूर्य मंदिर में दी जाएगी औपचारिक सलामी
लेफ्टिनेंट कर्नल लोकेंद्र कार्की ने बताया कि निर्धारित मार्ग से होते हुए सेना की टुकड़ी छठ घाट परिसर स्थित सूर्य मंदिर पहुंचेगी। वहां सेना के प्रोटोकाल के अनुसार छठी मइया और सूर्यदेव को औपचारिक सलामी दी जाएगी। छठ पूजा प्रबंधन समिति के अनुरोध पर इस वर्ष भी इस आयोजन को जारी रखा जा रहा है।
पिछले साल शुरू हुई थी अनूठी परंपरा
घड़ियारवा छठ पूजा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार साह ने बताया कि पिछले वर्ष छठ पर्व के इतिहास में पहली बार नेपाली सेना ने छठी मइया और सूर्यदेव को सलामी देने की परंपरा शुरू की थी। इस वर्ष भी सेना इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि इससे छठ पर्व की गरिमा और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ेगा।
सभी धर्मों और संस्कृतियों का सम्मान करती है सेना
लेफ्टिनेंट कर्नल कार्की ने कहा कि नेपाली सेना हमेशा सभी धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं का सम्मान करती रही है। छठ महापर्व के आयोजन में सेना की भागीदारी इसी भावना को दर्शाती है। इससे भारत-नेपाल के बेटी-रोटी के संबंधों के साथ दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती मिलेगी।
सीमा के दोनों ओर आस्था का महापर्व
भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में छठ पूजा धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है। नेपाल में छठ पर्व की बढ़ती लोकप्रियता के बीच नेपाली सेना की औपचारिक सलामी इस आयोजन को विशेष बना रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।