मधुबनी के झंझारपुर में छठी मइया के घाट तक पहुंचने के लिए सरकारी पुल का इंतजार छोड़ ग्रामीण बना रहे चचरी पुल
मधुबनी के झंझारपुर में ग्रामीण छठ महापर्व के लिए कमला नदी पर चचरी पुल का निर्माण कर रहे हैं क्योंकि ...और पढ़ें

कमला नदी के परतापुर घाट पर ग्रामीण कर रहे चचरी पुल का निर्माण। जागरण
HighLights
ग्रामीण छठ घाट के लिए चचरी पुल का निर्माण कर रहे हैं।
सरकारी स्थायी पुल के अभाव में श्रमदान और चंदे से बन रहा।
इस वर्ष पुल निर्माण पर लगभग चार लाख रुपये का खर्च।
संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी)। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एक बार फिर ग्रामीणों ने अपने कंधों पर उठा ली है। सरकारी व्यवस्था का इंतजार छोड़ लोगों ने चंदा जुटाया और श्रमदान कर चचरी पुल का निर्माण शुरू कर दिया।
कमला नदी के परतापुर घाट पर हर साल यही तस्वीर दिखती है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार नदी में पानी अधिक होने से पुल बनाने का खर्च भी दोगुना हो गया है। ग्रामीण करीब चार लाख रुपये की लागत से अस्थायी पुल तैयार करने में जुटे हैं।
हर साल चंदे से बनता है चचरी पुल
झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र के कमला नदी स्थित परतापुर घाट पर छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनके आवागमन की सुविधा के लिए ग्रामीण हर साल आपसी सहयोग और चंदा जुटाकर चचरी पुल बनाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, इस पर सामान्य तौर पर डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च होते हैं। इस बार नदी में पानी अधिक रहने के कारण लागत बढ़कर करीब चार लाख रुपये होने की आशंका है।
श्रमदान के साथ आर्थिक सहयोग
पुल निर्माण में अवधेश, गौरव, लक्ष्मण, रमन, राजू, शंकर यादव, शंकर मुखिया, जयप्रकाश, विश्वनाथ मंडल, ललन मंडल, बीरेंद्र मुखिया, रवि, प्रमोद मुखिया, प्रमोद राम, मनोज, सोनी, डेब्यू, नागेंद्र मुखिया, अनवर, पुलदेव यादव, डोमा, अनवरी यादव, ब्रह्मदेव यादव, लखींद्र मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हैं। कोई आर्थिक सहयोग कर रहा है तो कोई श्रमदान से पुल तैयार करने में मदद कर रहा है।
पानी बढ़ते ही बह जाता है पुल
ग्रामीणों ने बताया कि चचरी पुल केवल छठ पूजा के दौरान ही काम नहीं आता, बल्कि नदी का जलस्तर सामान्य रहने तक आम लोगों के आवागमन का भी सहारा बना रहता है। हालांकि, नदी में उफान आने पर यह अस्थायी पुल बह जाता है। इसके बाद लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है।
हर साल खर्च, फिर भी स्थायी पुल का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से परतापुर घाट पर स्थायी पुल बनाने की मांग की जा रही है। हर साल लाखों रुपये खर्च कर अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ती है। स्थायी पुल बन जाने से छठ व्रतियों के साथ-साथ आम दिनों में भी हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब हर साल इस घाट पर पुल की जरूरत पड़ती है तो स्थायी निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल क्यों नहीं हुई?
जल्द प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद
इधर, नगर परिषद की मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बबलू शर्मा ने बताया कि नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा स्थायी पुल निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इस योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।