Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण में हाईवे के पंजाबी ढाबे में नशे का धंधा, 56 किलो डोडा अफीम बरामद

    Updated: Tue, 02 Jun 2026 09:40 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के कोटवा में पुलिस ने एक लाइन होटल पर छापा मारकर 56 किलो डोडा अफीम और अन्य मादक पदार्थ जब्त किए। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, ...और पढ़ें

    पूर्वी चंपारण के कोटवा में छापेमारी करने पहुंची पुलिस। जागरण

    पूर्वी चंपारण के कोटवा में छापेमारी करने पहुंची पुलिस। जागरण

    संवाद सहयोगी, कोटवा (पूर्वी चंपारण)। कोटवा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित कदम चौक के समीप एक लाइन होटल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित डोडा अफीम और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

    गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

    मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को होटल में मादक पदार्थों के कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी सदर-2 के नेतृत्व में कोटवा थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

    दो बैग में मिला 56 किलो डोडा

    छापेमारी के दौरान पंजाबी ढाबा नामक होटल से दो बैग में रखे करीब 56 किलोग्राम डोडा, 140 ग्राम अफीम जैसा तरल पदार्थ, नकदी और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने होटल को सील कर दिया।

    दो संदिग्ध हिरासत में

    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस इनके नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

    खबरें और भी

    होटल संचालक फरार

    पुलिस के अनुसार होटल संचालक अजीत सिंह छापेमारी के दौरान फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अजीत सिंह इस मामले में वांछित है और जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    पहले भी दर्ज है एनडीपीएस का मामला

    मौके पर पहुंचे एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि फरार होटल संचालक के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

    एनएच किनारे होटलों पर पुलिस की नजर

    एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित होटलों और ढाबों की निगरानी बढ़ा दी गई है। होटल की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। छापेमारी में कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, सीओ मोनिका आनंद समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

    यह भी पढ़ें- सुपौल में 612 लीटर नेपाली शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार