Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण में डकैती के बाद अब चोरी... एक ही गांव में दूसरी बड़ी घटना से दहशत

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 05:43 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के चिरैया स्थित परतापुर गांव में एक पूर्व सैनिक के बंद घर से चोरों ने करीब 12 लाख रुपये की नकदी और आभूषण चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब गृह ...और पढ़ें

    चिरैया में चोरी के बाद बिखरा सामान। जागरण

    चिरैया में चोरी के बाद बिखरा सामान। जागरण

    HighLights

    1. चिरैया के परतापुर गांव में पूर्व सैनिक के घर चोरी।

    2. बंद घर से 12 लाख रुपये के नकदी-आभूषण गायब।

    3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, दहशत का माहौल।

    संवाद सहयोगी, चिरैया (पूर्वी चंपारण) । पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए थानाक्षेत्र के परतापुर गांव में भीषण डकैती की घटना के बाद अब अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली।

    चोर बंद घर का ताला तोड़कर 95 हजार रुपये नकद, करीब छह भर सोने तथा 75 भर चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए हैं। लगातार हुई दूसरी बड़ी वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।

    जानकारी के अनुसार, परतापुर निवासी तथा सेना से सेवानिवृत्त प्रेमशंकर सिंह 19 जुलाई को अपनी पत्नी रंभा देवी के साथ झारखंड स्थित बैद्यनाथधाम में एक रिश्तेदार के लखराव पूजा समारोह में शामिल होने गए थे।

    इसी दौरान घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट और घर के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

    झारखंड से मंगलवार की सुबह करीब 8:30 बजे जब गृहस्वामी वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सभी सामान बिखरे पड़े थे तथा पेटी व अलमारी खुली हुई थी।

    जांच करने पर नकदी और आभूषण गायब मिले। इसके बाद गृहस्वामी ने चिरैया थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। गृहस्वामी ने बताया कि चोर परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी ले गए हैं।

    पूर्व सैनिक ने जताई आशंका एक ही रात में हुई डकैती व चोरी की घटना

    पूर्व सैनिक ने पुलिस से शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उनका कहना है कि जिस रात उनके घर में चोरी हुई, उसी रात गांव में ही एक अन्य घर में भी भीषण डकैती की घटना हुई थी।

    सूचना मिलने पर चिरैया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।