पूर्वी चंपारण में 6.5 किलो अफीम के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से मुजफ्फरपुर जा रही थी खेप
पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में पुलिस ने 6.5 किलोग्राम अफीम के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह खेप नेपाल से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी, जि ...और पढ़ें

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
संवाद सहयोगी, बनकटवा (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Opium Seizure: पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.5 किलोग्राम अफीम के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद खेप नेपाल से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी मुजफ्फरपुर में की जानी थी।
गुप्त सूचना के आधार पर घोड़ासहन पुलिस ने राजस्व पदाधिकारी के साथ संयुक्त टीम बनाकर बस स्टैंड से मोतिहारी की ओर जा रही एक यात्री बस को रोका। महिला पुलिस बल की मदद से बस में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान दो महिलाओं के पास से दो-दो किलोग्राम के दो पैकेट, 500-500 ग्राम के तीन पैकेट और 250-250 ग्राम के चार पैकेट बरामद किए गए। कुल बरामद अफीम का वजन 6.5 किलोग्राम है। पुलिस ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने बताया कि अफीम की खेप नेपाल से लाई गई थी। पुलिस के अनुसार, इसे मुजफ्फरपुर में सप्लाई किया जाना था। बरामदगी के बाद पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुगौली के गुदरा निवासी सीमा देवी और नेपाल के बारा जिले के बैरागपुर निवासी बदामी देवी के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने किया। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक धनंजय कुमार निर्दोष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी सकलदेव प्रसाद तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।