Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ऑर्डर मिलते ही चोरी होती थी बाइक, रक्सौल में भारत-नेपाल के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 05:44 PM (IST)

    रक्सौल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नेपाली नागरिकों सहित पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    पुलिस गिरफ्त में बाइक चोर व जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी।

    पुलिस गिरफ्त में बाइक चोर व जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी।

    जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण) । रक्सौल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

    पुलिस ने गिरोह के दो नेपाली नागरिकों समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन, बाइक चोरी में प्रयुक्त मास्टर चाबी तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की गई है।

    अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि रक्सौल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था।

    इसी दौरान सूचना मिली कि यूनियन बैंक के समीप एक संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से मोटरसाइकिलों की रेकी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया।

    पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विकास कुमार, पिता जवाहरलाल शाह, निवासी बेला मुरला, थाना रामगढ़वा के रूप में बताई।

    उसकी तलाशी में एक मास्टर चाबी और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ रक्सौल से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कुंडवा चैनपुर होते हुए नेपाल में बेचता था।

    विकास कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में मुन्ना आलम (निवासी टिकुलिया, थाना गौर, जिला रौतहट, नेपाल), अरविंद सिंह, रूपेश कुमार गुप्ता तथा दिलीप कुमार गिरी शामिल हैं।

    पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक टीवीएस अपाचे, एक बजाज पल्सर, एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (बीआर-30टी-6925) तथा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।

    इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, 14,050 रुपये भारतीय मुद्रा, 6,310 नेपाली रुपये तथा बाइक चोरी में प्रयुक्त मास्टर चाबी भी जब्त की गई।

    एसडीपीओ ने बताया कि मुख्य आरोपित विकास कुमार के विरुद्ध रक्सौल और रामगढ़वा थाने में मोटरसाइकिल चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ शराब तस्करी का भी मामला दर्ज है। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और चोरी की मोटरसाइकिलों को सीमावर्ती रास्तों से नेपाल पहुंचाकर बेच देता था।

    जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह पहले विभिन्न स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। इसके बाद उनकी तस्वीरें आपस में साझा कर खरीदारों से संपर्क किया जाता था। जिस मॉडल की जितनी मांग होती थी, उसी के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी की जाती थी।

    पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान तथा चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

    एसडीपीओ ने बताया कि इस कार्रवाई में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, पर्यवेक्षक पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, कृष्ण मुरारी, रवि कुमार, जितेंद्र कुमार, विकास कुमार पासवान, अमन कुमार सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    सभी आरोपितों के विरुद्ध रक्सौल थाना कांड संख्या 299/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

    खबरें और भी