मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर जननायक एक्सप्रेस का पैंटो टूटा, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
जननायक एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर लगभग तीन घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। पिपरा और जीवधारा स्टेशन के बीच ...और पढ़ें

इंजन का रियर पैंटो टूटने के बाद खड़ी जननायक एक्सप्रेस। जागरण
HighLights
जननायक एक्सप्रेस का इंजन पैंटो टूटने से बीच रास्ते रुका।
मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर तीन घंटे तक रेल परिचालन बाधित।
यात्रियों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर सोमवार की रात जननायक एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आने से रेल परिचालन करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। पिपरा और जीवधारा स्टेशन के बीच इंजन का रियर पैंटो टूटकर टेढ़ा हो गया, जिससे ट्रेन बीच रास्ते में रुक गई। इस दौरान अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।
रात 10:22 बजे हुई घटना
दरभंगा से अमृतसर जा रही गाड़ी संख्या 15211 जननायक एक्सप्रेस सोमवार रात 10:22 बजे पिपरा-जीवधारा स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 144/47 के समीप पहुंची थी। इसी दौरान इंजन का रियर पैंटो अचानक टूटकर टेढ़ा हो गया। पैंटो खराब होने से इंजन को ओवरहेड विद्युत लाइन से बिजली मिलनी बंद हो गई और ट्रेन वहीं रुक गई।
टावर वैगन पहुंची, शुरू हुआ मरम्मत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल कंट्रोल सक्रिय हो गया। कंट्रोल के निर्देश पर रात 11:56 बजे टावर वैगन घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) विभाग के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पैंटो की मरम्मत शुरू की। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात 12:20 बजे पैंटो को दुरुस्त कर लिया गया।
ज्वाइंट नोट के बाद रवाना हुई ट्रेन
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण (ज्वाइंट नोट) तैयार किया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रात 12:41 बजे जननायक एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही धीरे-धीरे रेल परिचालन सामान्य होने लगा।
खबरें और भी
इंटरसिटी भी घंटों खड़ी रही
इस घटना का असर अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। गाड़ी संख्या 15555 पाटलिपुत्र-बापूधाम मोतिहारी इंटरसिटी एक्सप्रेस रात 11:38 बजे से लेकर 2:07 बजे तक पिपरा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। लंबी देरी के कारण यात्रियों को उमस और गर्मी के बीच काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
कई यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर टहलते नजर आए, जबकि बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी खराबी दूर होने के बाद सभी ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।