विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी में भू-माफिया के घर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद; ₹15 करोड़ से अधिक की संपत्ति

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:46 AM (IST)

पूर्वी चंपारण पुलिस ने मोतिहारी के छतौनी में एक भू-माफिया के घर पर छापा मारा। छापेमारी में दो राइफल, दो ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस की विशेष टीम ने जिले के छतौनी थानाक्षेत्र के छतौनी स्थित एक फर्नीचर व्यवसायी के घर पर सोमवार की रात छापेमारी कर दो राइफल, दो पिस्टल, 100 कारतूस, 15 करोड़ से अधिक के जमीन के दस्तावेज, 27 लाख नकदी भी जब्त किया गया है। मौके से फर्नीचर व्यवसायी राकेश शर्मा का पुत्र साहिल शर्मा गिरफ्तार किया गया है।

राकेश की गिरफ्तारी के लिए मोतिहारी सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडे के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है।

बताया गया है कि राकेश के घर में अवैध धन व प्रतिबंधित वस्तुओं के होने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिले के तीन एसडीपीओ के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम को छापेमारी के लिए तैनात किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो राइफल, दो पिस्टल और करीब 100 कारतूस जब्त किया। छापे के दौरान घर से 27 लाख रुपये कैश, 65 से अधिक रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज व छह बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। जब्त दस्तावेजों का मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया है। बरामद हथियार, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

व्यवसायी के बारे में पता चला है कि वो जमीन का भी कारोबार करते थे। जब्त आग्नेयास्त्र नागालैंड से निर्गत किया गया है। पुलिस हथियार की अनुज्ञप्ति का सत्यापन कर रही है।

दस वर्षों से बड़ा बरियारपुर में है फर्नीचर का व्यवसाय

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राकेश शर्मा छोटा बरियारपुर निवासी स्व. असर्फी मिस्त्री के पुत्र हैं। राकेश के दोनों पुत्र व्यवसाय करते हैं। पिछले 10 वर्षों से बड़ा पुत्र बरियारपुर में फर्नीचर का व्यवसाय करता है। छोटा पुत्र नेपाल की राजधानी काठमांडू में फर्नीचर का व्यवसाय करता है।

राजस्व कर्मचारी से कराई जा रही 15 करोड़ के जमीन के दस्तावेजों की जांच

बताया गया है कि राकेश शर्मा की मां स्व. श्यामपति देवी के नाम पर बरियाररपुर हवाई अड्डा के पास डेढ़ बीघा जमीन है। इस बीच व्यवसायी के घर से मिले करीब 15 करोड़ की जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

इसके लिए पुलिस ने राजस्व कर्मचारी को बुलाया है, ताकि जमीन के दस्तावेज व एग्रीमेंट पेपर का मिलान अंचल में मौजूद जमीन से जुड़ी जानकारी से किया जा सके।

बताया जा रहा है कि जमीन से जुड़ा एक दस्तावेज ही करीब चौदह करोड़ रुपये का है। इसके अतिरिक्त कई छोटे-छोटे अमाउंड के एग्रीमेंट पेपर व दस्तावेज हैं।

सभी को समेकित किया जा रहा। छापेमारी टीम में सदर-टू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश कुमार पांडे, अरेराज पंकज तिवारी व सिकरहना अभिषेक कुमार के साथ छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, मुफस्सिल के अमित कुमार व ढाका के राजरूप राय समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी व जवान शामिल थे ।

पुलिस की विशेष टीम से छापेमारी कराई गई है। छापेमारी में कैश, जमीन के दस्तावेज, आग्नेयास्त्र, कारतूस, शराब आदि जब्त किया गया है। पुलिस सभी जब्त चीजों का सत्यापन कर रही है। गिरफ्तार भूमि-माफिया के पुत्र से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। -स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी

 

यह भी पढ़ें- 'राहुल गांधी ने धक्का दिया', बिहार की प्रेग्नेंट पत्रकार ने कांग्रेस के मार्च में बदसलूकी का लगाया आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।