Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बस में कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोली मिलाकर लूट, मोतिहारी में गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 07:36 PM (IST)

    मोतिहारी पुलिस ने बस यात्रियों को नशा देकर लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटे गए मोबाइल और नकदी बरामद ...और पढ़ें

    मोतिहारी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

    मोतिहारी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

    HighLights

    1. मोतिहारी पुलिस ने नशाखुरानी गिरोह के दो सदस्य पकड़े।

    2. बस यात्रियों को नशीली गोली खिलाकर लूटते थे।

    3. लूटे गए मोबाइल और नकदी बरामद, जांच जारी।

    संवाद सहयोगी, मोतिहारी । नगर थाना पुलिस ने नशा खुरानी कर बस यात्रियों को लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

    गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटे गए मोबाइल, अन्य मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने कर्नाटक से लौट रहे एक यात्री को बस में नशीली गोली खिलाकर बेहोश कर दिया। उसका मोबाइल व रुपये लूटकर फरार हो गए थे।

    नगर थाना के पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि प्रशिक्षु एसआई मनीषा कुमारी के आवेदन के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गुरुवार की रात गश्त पर थी।

    इस बीच शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे कुआरी देवी चौक के पास वाहन जांच के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर एक दुकान की आड़ में छिपने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

    पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामगढ़वा निवासी काशी राम (47 वर्ष) तथा संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मंगलापुर निवासी दिलीप कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई। पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

    आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मुजफ्फरपुर से बस में सवार हुए थे। बस में उन्होंने एक यात्री को कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोली मिलाकर पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गया।

    इसके बाद उसका मोबाइल फोन और नकदी लूटकर अवध चौक के पास बस से उतर गए और पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की नजर उन पर पड़ गई।

    तलाशी में मिले कई मोबाइल और नकदी

    पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो काशी राम के पास से नोकिया का कीपैड मोबाइल, रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल बरामद हुआ।

    वहीं दिलीप कुमार के पास से सैमसंग कंपनी के दो टच स्क्रीन मोबाइल तथा 500 रुपये के चार नोट बरामद किए गए। बरामद सामान के संबंध में पूछने पर दोनों ने स्वीकार किया कि यह सामान उसी यात्री से लूटा गया था जिसे उन्होंने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया था।

    मोबाइल पर आए काल से खुला पूरा मामला

    थाने लाए जाने के बाद बरामद मोबाइल पर धीरज कुमार नामक व्यक्ति का फोन आया। धीरज ने बताया कि मोबाइल उसके पिता शंभू प्रसाद, निवासी अहवरकुड़िया थाना मझौलिया, जिला पश्चिम चंपारण का है।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि उनके पिता कर्नाटक से घर लौट रहे थे और आखिरी बार मुजफ्फरपुर से बातचीत हुई थी। बाद में सूचना मिली कि वे बेतिया बस स्टैंड पर बेहोशी की हालत में मिले हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    इस जानकारी के बाद पुलिस को विश्वास हो गया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने ही बस यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की घटना को अंजाम दिया है।

    पुलिस ने सभी बरामद सामान जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को न्यायिक कार्रवाई के लिए गिरफ्तार कर लिया। मामले का वीडियो फुटेज भी सुरक्षित किया गया है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।