Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोतिहारी में सात फेरे के सात साल बाद महिला की हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का आरोप

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:40 PM (GMT+05:30)

    मोतिहारी के गोढ़वा गांव में एक विवाहिता प्रिया कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या कर श ...और पढ़ें

    प्रिया कुमारी की फाइल फोटो।

     प्रिया कुमारी की फाइल फोटो।

    संवाद सहयोगी, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित गोढ़वा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव जला देने का आरोप लगाया है।

    घटना के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने शव के अवशेष बरामद कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    गला दबाकर हत्या का आरोप

    मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोढ़वा गांव में 27 वर्षीय प्रिया कुमारी की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के स्वजनों का आरोप है कि पति पिंटू कुमार दास ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पहले प्रिया की गला दबाकर हत्या की और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया।

    सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

    घटना की जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से शव के अवशेष बरामद किए और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए मुजफ्फरपुर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।

    मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

    मृतका के मामा घनश्याम कुमार दास ने थाना में आवेदन देकर बताया कि प्रिया की शादी सात मई 2018 को मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित ईशा छपरा गांव से गोढ़वा निवासी पिंटू कुमार दास के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी में नकद, फर्नीचर सहित पर्याप्त दहेज दिया गया था, फिर भी अतिरिक्त नकदी और सामान की मांग को लेकर प्रिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

    खबरें और भी

    दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

    प्रिया अपने पीछे एक पुत्र अभिनंदन और एक पुत्री प्रीति कुमारी को छोड़ गई है। घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

    आरोपित फरार, जांच में जुटी पुलिस

    घटना के बाद पति पिंटू कुमार दास, ससुर शंकर दास, सास आशा देवी और ननद अनिता देवी सहित अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।