Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोतिहारी में फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज, जनसुराज नेता के घर पर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

    Updated: Fri, 10 Apr 2026 08:27 AM (IST)

    केसरिया पुलिस ने आर्म्स लाइसेंस फर्जीवाड़ा और पुलिस से झड़प के मामले में फरार नाज अहमद खान उर्फ पप्पू खां के बैरिया स्थित आवास पर इश्तेहार चिपकाया है। ...और पढ़ें

    इश्तेहार चिपकाती पुलिस। (जागरण)

    इश्तेहार चिपकाती पुलिस। (जागरण)

    HighLights

    1. पुलिस ने फरार पप्पू खान के बैरिया आवास पर इश्तेहार चिपकाया।

    2. पप्पू खां आर्म्स लाइसेंस फर्जीवाड़ा और पुलिस झड़प का आरोपित है।

    3. पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी के लिए 15 हजार रुपये का इनाम रखा।

    संवाद सहयोगी, केसरिया। थाना क्षेत्र में आर्म्स लाइसेंस फर्जीवाड़ा एवं पुलिस से झड़प के मामले में फरार चल रहे आरोपित नाज अहमद खान उर्फ पप्पू खां के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

    न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को केसरिया थाना की पुलिस ने आरोपित के बैरिया स्थित आवास पर इश्तेहार चिपकाया। बताया जाता है कि पप्पू खां पर आर्म्स लाइसेंस बनवाने के लिए फर्जीवाड़ा करने का गंभीर आरोप है।

    इसी सिलसिले में पुलिस जब उन्हें गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी, तब वहां पुलिस टीम के साथ झड़प हो गई थी। इस घटना के बाद केसरिया थानाध्यक्ष द्वारा कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

    इनाम का एलान

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पप्पू खां की गिरफ्तारी के लिए 15 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

    थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में फरार आरोपित के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि वह शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो शीघ्र ही कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

    इसी क्रम में केसरिया थाना की पुलिस द्वारा आर्म्स एक्ट के एक अन्य नामजद आरोपित साहेबगंज निवासी निलेश कुमार उर्फ चाप के घर पर भी कुर्की की कार्रवाई के लिए इश्तेहार चिपकाया गया है।

    नाज अहमद खान, जन सुराज पार्टी (JSP) के टिकट पर केसरिया (सामान्य) विधानसभा क्षेत्र से 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव लड़े थे। 

    यह भी पढ़ें- मधेपुरा में अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, गड्ढा खोदकर गाड़ दिया शव; थाना में जाकर किया सरेंडर