पूर्वी चंपारण में सावन की पहली सोमवारी पर बागमती नदी में डूबे दो किशोर, तलाश जारी
पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड में सावन की पहली सोमवारी पर बागमती नदी में जल भरने गए दो किशोर डूब गए। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन उनकी तलाश में जुटा है ...और पढ़ें

स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम दोनों की तलाश में जुटी है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
दो किशोर बागमती नदी में जल भरने के दौरान डूबे।
एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने तलाशी अभियान चलाया।
देर शाम तक डूबे किशोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले के पताही प्रखंड में सावन की पहली सोमवारी पर बड़ा हादसा हो गया। बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए बागमती नदी से जल भरने पहुंचे दो किशोर नदी में डूब गए।
घटना के बाद संगम घाट पर अफरातफरी मच गई, जबकि स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम दोनों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पताही प्रखंड की देवापुर पंचायत स्थित बागमती नदी के देवापुर संगम घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलबोझी के लिए पहुंचे थे।
इसी दौरान चिरैया थाना क्षेत्र के ललबेगिया गांव निवासी 17 वर्षीय कमलेश कुमार और 14 वर्षीय रौशन कुमार नदी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नाविकों ने दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका था।
घटना की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी (सीओ) रितेश कुमार सेठ और पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार देवापुर संगम घाट पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों किशोरों के स्वजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में संगम घाट पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने सर्च अभियान जारी रहने की बात कही है और लोगों से नदी में उतरते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।