Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण के राम-जानकी मंदिर मूर्ति चोरी कांड का दूसरा आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 06:27 PM (IST)

    Ram Janaki Temple Theft: मोतिहारी के लखौरा स्थित राम-जानकी मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी रोशन कुमार सिंह को गिरफ्तार ...और पढ़ें

    तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।

    तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।

    संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Idol Theft: जिले के लखौरा थाना क्षेत्र स्थित राम-जानकी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है।

    इसके साथ ही इस चर्चित चोरी कांड में शामिल दोनों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

    गिरफ्तार आरोपित की पहचान लखौरा थाना क्षेत्र के गणेश टोला निवासी रौशन कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।

    पूछताछ के दौरान रौशन कुमार सिंह ने चोरी की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात लखौरा मिडिल स्कूल के समीप स्थित राम-जानकी मंदिर का ताला तोड़कर चोर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ले गए थे।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर चोरी गई सभी मूर्तियां बरामद कर ली थीं।

    इस मामले में पुलिस पहले ही लखौरा बरवा गांव निवासी अमोद कुमार साह को गिरफ्तार कर चुकी है। उसकी निशानदेही पर एक अर्धनिर्मित मकान के पास जमीन में छिपाकर रखी गई सभी चोरी की मूर्तियां बरामद की गई थीं।

    पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने मिलकर मंदिर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

    थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया है। दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गई मूर्तियों की शीघ्र बरामदगी पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।

    उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस पूरे प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच भी कर रही है।