पूर्वी चंपारण में SBI सीएससी संचालक को गोली मार 4.28 लाख लूटे, नकाबपोश तीन बदमाश फरार
Bihar Robbery Case: पूर्वी चंपारण के चिरैया में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने SBI ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर 4.28 लाख रुपये लूटे। घायल संच ...और पढ़ें

घायल मुकेश कुमार। फोटो: जागरण
HighLights
SBI CSP संचालक को गोली मारकर 4.28 लाख की लूट।
पूर्वी चंपारण के चिरैया में बाइक सवार बदमाशों ने वारदात की।
घायल संचालक अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने SIT गठित की।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी/चिरैया (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Crime News: पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र में गुरुवार को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) संचालक को गोली मारकर 4.28 लाख रुपये लूट लिए। घटना बगहा-दीपही गांव के बीच घोड़ासहन-चिरैया पथ पर हुई।
घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महुआही मुर्शीदाबाद गांव निवासी मुकेश कुमार भेलवा बाजार में एसबीआइ का सीएसपी चलाते हैं। वह बगहा स्थित एसबीआइ शाखा से 4.28 लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक से सीएसपी लौट रहे थे।
इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा किया। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन मुकेश नहीं रुके।
पुलिस के अनुसार, रुकने से इनकार करने पर बदमाशों ने मुकेश की बांह में गोली मार दी। गोली लगने से जख्मी होने के बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल मुकेश को मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में मुकेश के स्वजन भी पहुंच गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली लगने की घटना से स्वजन और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया है। एसआइटी को जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुकेश के साथ पहले भी लूट की घटना हो चुकी है। पूर्व में बदमाशों ने सीएसपी में घुसकर लूट की थी। पुलिस उस घटना के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
एसआइटी ने घोड़ासहन से लेकर घटनास्थल तक रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। वीडियो फुटेज से सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
घटना के पर्दाफाश के लिए सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण