Bihar News: बेतिया में पेड़ से लटका मिला प्रेमी जोड़े का शव, जांच में जुटी पुलिस
बेतिया के सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव में एक किशोरी और युवक के शव आम के पेड़ से लटके मिले। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय एक किशोरी और 19 वर्षीय शे ...और पढ़ें
-1772856604938_m.webp)
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
किशोरी और युवक के शव पेड़ से लटके मिले।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले की आत्महत्या सहित अन्य पहलुओं से जांच।
जागरण संवाददाता, बेतिया। सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के पश्चिम स्थित सुबा यादव के आम के बगीचे से एक किशोरी और एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। दोनों के शव एक ही लाल रंग के दुपट्टे से आम के पेड़ से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान सिरिसिया निवासी 16 वर्षीय एक किशोरी और 19 वर्षीय शेख सैदुल्लाह के रूप में हुई है। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद सिकटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार और थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
इधर, एफएसएल टीम के सीनियर साइंटिस्ट सुमन कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले की जांच आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।