पूर्वी चंपारण में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, कोच का शीशा टूटा, रेलवे की सख्ती बेअसर
पूर्वी चंपारण में वंदे भारत एक्सप्रेस पर सुगौली स्टेशन के पास पत्थरबाजी हुई, जिससे कोच का शीशा टूट गया। लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों की सुरक्ष ...और पढ़ें

सुगौली स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी । बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई। सुगौली स्टेशन से ट्रेन खुलने के कुछ ही देर बाद अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी, जिससे कोच का शीशा टूट गया।
लगातार जागरूकता अभियान और निगरानी के बावजूद ऐसी घटनाएं नहीं थम रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुगौली के पास हुई घटना
मंगलवार की शाम गाड़ी संख्या 26501 वंदे भारत एक्सप्रेस पाटलिपुत्र से बापूधाम मोतिहारी होते हुए आगे जा रही थी। शाम करीब 6:15 बजे ट्रेन सुगौली स्टेशन से रवाना हुई। स्टेशन से आगे बढ़ते ही अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए।
कोच का शीशा टूटा
पत्थर सीधे सी-4 कोच पर लगा, जिससे उसका शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं लगी और ट्रेन अपनी निर्धारित यात्रा पर आगे बढ़ गई।
आरपीएफ ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सक्रिय हो गया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और पत्थर फेंकने वालों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
खबरें और भी
बार-बार हो रही घटनाओं से बढ़ी चिंता
बापूधाम मोतिहारी रेलवे सुरक्षा बल की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से ट्रेनों पर पत्थर नहीं फेंकने और ऐसी घटनाओं की सूचना देने की अपील भी की जाती रही है। इसके बावजूद वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन पर हमले न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करते हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।