Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Crime News: रक्सौल के गेस्ट हाउस के पास बेसुध मिली महिला, शरीर पर चोटें; प्राइवेट पार्ट में बंधा था गमछा

    Updated: Sat, 31 Jan 2026 08:39 PM (IST)

    रक्सौल के कौड़िहार चौक स्थित सोनी गेस्ट हाउस के पास एक युवती नशे की हालत में बेसुध मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे अनैतिक कार्य और मारपीट की ...और पढ़ें

    युवती को नशे की हालत में बेसुध अवस्था में पाया गया। सांकेतिक फोटो

     युवती को नशे की हालत में बेसुध अवस्था में पाया गया। सांकेतिक फोटो

    HighLights

    1. रक्सौल में गेस्ट हाउस के पास युवती बेसुध मिली।

    2. शरीर पर चोट के निशान, अनैतिक कार्य की आशंका।

    3. पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, मोतिहारी रेफर।

    जागरण संवाददाता, रक्सौल, (पूच)। रक्सौल शहर के कौड़िहार चौक स्थित सोनी गेस्ट हाउस के नीचे शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक युवती को नशे की हालत में बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ पाया।

    युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं एक स्वयंसेवी संगठन को दी।

    सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अनुमंडलीय अस्पताल रक्सौल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

    अनैतिक कार्य और मारपीट की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान

    स्वच्छ रक्सौल स्वयंसेवी संगठन के अध्यक्ष रंजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक स्थिति और युवती की हालत को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ अनैतिक कार्य किया गया हो सकता है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि अनैतिक कार्य से पहले युवती को जबरन शराब पिलाई गई। युवती के शरीर पर कई स्थानों पर जख्म और चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट की भी आशंका गहराती है।

    सामाजिक कार्यकर्ता शबरा खातून ने बताया कि जब युवती को अस्पताल ले जाया जा रहा था, उस समय उसके निजी अंग पर गमछा बंधा हुआ था।

    साथ ही शरीर के कई हिस्सों पर ताजा चोटों के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे। उस समय युवती की हालत अत्यंत दयनीय थी और वह खुद को संभालने की स्थिति में नहीं थी।

    नशे की दवा दिए जाने की आशंका, मोतिहारी रेफर की तैयारी

    अनुमंडलीय अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अजय कुमार ने बताया कि युवती को शराब के साथ किसी नशीली दवा का भी सेवन कराया गया प्रतीत होता है।

    फिलहाल वह पूरी तरह होश में नहीं है और केवल अपना नाम व पता बता पा रही है। युवती ने अपना पता मुजफ्फरपुर बताया है।

    स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती को एक दिन पहले शाम के समय स्टेशन रोड की ओर देखा गया था। उस समय उसके पास मोबाइल फोन और एक बैग था, लेकिन जब वह बेसुध हालत में मिली तो उसके पास से कोई सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे लूट की आशंका भी जताई जा रही है।

    अनुमंडलीय अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन ने बताया कि युवती का इलाज जारी है। बेहतर उपचार एवं विस्तृत मेडिकल जांच के लिए उसे सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर किया जाएगा।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल जांच के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है, क्योंकि पीड़िता फिलहाल अचेत है और बयान देने की स्थिति में नहीं है।

    यह भी पढ़ें- Coal Smuggling: असम से बिहार तक फैला कोयला माफियाओं का जाल, सरकार को रोज लगाते हैं करोड़ों का चूना

    यह भी पढ़ें- लूट की योजना बना रहा शातिर पिस्टल के साथ गिरफ्तार, पानापुर ओपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई