गया एयरपोर्ट पर 25 किलो मादक पदार्थ बरामद, थाईलैंड से आए 4 तस्कर हिरासत में, बोधगया में तस्करी का नेटवर्क
गया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर थाईलैंड से आई उड़ान से 25 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किया गया। इस मामले में चार यात्रियों को हिरासत में लिया ...और पढ़ें

गया एयरपोर्ट पर 25 किलो मादक पदार्थ बरामद
HighLights
गया एयरपोर्ट पर 25 किलो संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त।
थाईलैंड से आए चार यात्री हिरासत में, तीन पुरुष एक महिला।
हाइड्रोपोनिक बीड्स होने की आशंका, अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगी।
संवाद सूत्र, बोधगया(गयाजी)। गया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा एक बार फिर मादक पदार्थ तस्करी के मामले को लेकर चर्चा में है। बुधवार को जांच एजेंसियों ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया। यह खेप थाईलैंड से आई एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए लाई गई थी। इस मामले में चार यात्रियों को हिरासत में लिया गया है।
थाई एयरवेज की फ्लाइट से पहुंचे थे आरोपी
सूत्रों के अनुसार, थाई एयरवेज की फ्लाइट से बोधगया पहुंचे चार संदिग्ध यात्रियों पर पहले से ही एजेंसियों की नजर थी। जैसे ही विमान एयरपोर्ट पर उतरा, सुरक्षा अधिकारियों ने सभी यात्रियों की सघन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान इन चार यात्रियों को अलग कर विशेष निगरानी में लिया गया, जिसके बाद पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
तीन पुरुष और एक महिला शामिल
हिरासत में लिए गए आरोपितों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके अलग-अलग बैगों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में इसे हाइड्रोपोनिक बीड्स बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत होती है। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को पहले से ही इस तस्करी की सूचना मिल चुकी थी। इसी इनपुट के आधार पर एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी रखी गई थी।
जैसे ही संदिग्ध यात्री पहुंचे, उन्हें चिन्हित कर तलाशी ली गई। इस सटीक सूचना और तत्परता के चलते एजेंसियों को यह बड़ी सफलता मिली है।
लगातार बढ़ रहे हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि हाल के दिनों में गया एयरपोर्ट पर मादक पदार्थ बरामदगी के कई मामले सामने आ चुके हैं।
इससे यह आशंका गहराने लगी है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के जरिए तस्करी का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। सुरक्षा एजेंसियां इस बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर गंभीर नजर आ रही हैं।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
फिलहाल, हिरासत में लिए गए सभी आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों का फोकस इस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने पर है।
हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।