Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब आसान होगा बोधगया के ढुंगेश्वरी मंदिर का सफर, जुलाई से शुरू हो सकता है रोपवे

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 12:56 PM (IST)

    बोधगया के ढुंगेश्वरी पहाड़ी पर बन रहे 16 करोड़ रुपये के रोपवे परियोजना का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। ...और पढ़ें

    निर्माणाधीन रोपवे। (जागरण)

    निर्माणाधीन रोपवे। (जागरण)

    HighLights

    1. ढुंगेश्वरी रोपवे की पहली यूनिट जुलाई में होगी शुरू।

    2. 16 करोड़ की लागत से बन रहा है यह रोपवे।

    3. श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी आसान पहुंच।

    संवाद सूत्र, बोधगया। ढुगेंश्वरी पहाड़ी पर बन रहे बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना का कार्य अब युद्धस्तर पर जारी है। लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की पहली यूनिट का उद्घाटन अगले एक महीने के भीतर किए जाने की तैयारी है।

    इसके शुरू होते ही ढुगेश्वरी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कठिन चढ़ाई और थकाऊ सफर से बड़ी राहत मिलेगी।

    वर्तमान में ढ़ुंगेश्वरी मंदिर तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को पथरीले रास्तों और तीखी चढ़ाई का सामना करना पड़ता है। कई बुजुर्ग एवं अस्वस्थ श्रद्धालु खटिया या अन्य सहारे से पहाड़ी पर पहुंचते हैं। लेकिन रोपवे शुरू होने के बाद यह सफर कुछ ही दिनों में आरामदायक और सुरक्षित हो जाएगा।

    एक साथ 12 यात्री जा सकेंगे ऊपर

    चार कैबिनेट वाले इस आधुनिक रोपवे में एक समय में 12 यात्री ऊपर और 12 यात्री नीचे यात्रा कर सकेंगे। रोपवे लगभग 309 मीटर की दूरी तय करेगा। परियोजना को दो सेक्शन में विकसित किया जा रहा है।

    पहले सेक्शन के माध्यम से पर्यटक नीचे से सीधे ढुंगेश्वरी मंदिर तक पहुंच सकेंगे, जबकि दूसरे सेक्शन में मंदिर से पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी तक जाने की सुविधा मिलेगी।

    जल्द होगा ट्रायल

    पर्यटन विभाग के जूनियर इंजीनियर शशि भूषण ने बताया कि पहले सेक्शन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब केवल तकनीकी परीक्षण (ट्रायल) शेष है।

    ट्रायल सफल होने के बाद इसे जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं दूसरे सेक्शन के निर्माण में अभी कुछ महीने और लगेंगे। अब तक तीन टावर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि तीन अन्य टावरों का निर्माण कार्य जारी है।

    खबरें और भी

    पर्यटन विकास को गति

    रोपवे के साथ-साथ परिसर में टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। इस स्थल पर पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ढुंगेश्वरी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों का अनुभव और बेहतर होगा।

    पर्यटन विभाग से बन रहे यह परियोजना पूरी होने के बाद ढुंगेश्वरी न केवल धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि बोधगया क्षेत्र में पर्यटन विकास को भी नई गति मिलेगी।

    जुलाई से रोपवे सेवा शुरू होने की सूचना पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस परियोजना की नींव वर्ष 2021 में रखी गई थी।

    यह भी पढ़ें- सीता की धरती से मोक्ष नगरी का जुड़ेगा नाता! सीतामढ़ी से गयाजी के लिए नमो भारत ट्रेन चलाने की मांग