CUSB Admission: 24 कोर्सेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 21 जुलाई को आएगी पहली कट-ऑफ लिस्ट
सीयूएसबी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बायोटेक्नोलॉजी सहित तीन नए 5 वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। ...और पढ़ें

24 कोर्सेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
HighLights
सीयूएसबी में तीन नए 5 वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी कोर्स शुरू।
24 स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन 9 जुलाई से जारी।
पहली कट-ऑफ सूची 21 जुलाई को, कक्षाएं 4 अगस्त से।
संवाद सहयोगी, टिकारी। सीयूएसबी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बायोटेक्नोलॉजी, बायोइनफॉर्मेटिक्स एवं एनवायर्नमेंटल साइंस में तीन नए 5 वर्षीय एकीकृत स्नातक-स्नातकोत्तर (यूजी-पीजी) पाठ्यक्रम प्रारंभ हुआ है।
विश्वविद्यालय ने इस शैक्षणिक सत्र के लिए 24 स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई को प्रारंभ कर दी है।
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि बिहार तथा देश के अन्य राज्यों के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई है। जिससे उन्हें रोजगार एवं उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
जन संपर्क पदाधिकारी मो. मुदस्सीर आलम ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाइन ने इस संबंध में विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी -2026) में सम्मिलित सभी अभ्यर्थी ओपन काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।
कुल 858 सीटों पर प्रवेश के लिए ओपन रजिस्ट्रेशन
परीक्षा नियंत्रक पाइन ने बताया कि विश्वविद्यालय ने 24 स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 858 सीटों पर प्रवेश हेतु ओपन रजिस्ट्रेशन आमंत्रित किया है।
इनमें 5 वर्षीय एकीकृत बी.ए. एलएल.बी. (आनर्स), 5 वर्षीय एकीकृत बीबीए एलएल.बी., 4 वर्षीय बी.एससी. (आनर्स) एग्रीकल्चर, दो वर्षीय डिप्लोमा इन फार्मेसी तथा 5 वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रम बायोटेक्नोलॉजी, बायोइनफार्मेटिक्स, एनवायर्नमेंटल साइंस, लाइफ साइंस, कंप्यूटर साइंस, भूविज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार, भूगोल, सांख्यिकी, रसायन विज्ञान, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, समाजशास्त्र, भौतिकी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, वाणिज्य तथा हिन्दी शामिल हैं।
समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण
उप कुलसचिव कुमार कौशल ने बताया कि सीयूएसबी में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को सीयूएसबी समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रत्येक पाठ्यक्रम हेतु 500 तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 (अप्रतिदेय) पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पाठ्यक्रम की मेरिट सूची केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के आधार पर तैयार की जाएगी, जिन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण कराया होगा। केवल सीयूएसबी समर्थ पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही काउंसलिंग एवं प्रवेश की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
प्रथम कट-ऑफ सूची 21 जुलाई को जारी
ऑनलाइन पंजीकरण, अप्रतिदेय पंजीकरण शुल्क जमा करने तथा मूल दस्तावेजों एवं प्रमाण-पत्रों की स्कैन प्रति अपलोड करने की 16 जुलाई तक निर्धारित की गई है।
पाठ्यक्रम के अनुसार प्रथम कट-ऑफ सूची 21 जुलाई को जारी की जाएगी तथा कट ऑफ के बराबर या अधिक अंक वाले अभ्यर्थी 21 से 23 जुलाई के बीच प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।
30 जुलाई को अंतिम सूची जारी
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंतिम रूप से चयनित स्नातक विद्यार्थियों की सूची 30 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। जबकि कक्षाओं का शुभारंभ 4 अगस्त से होगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए समय-समय पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की सलाह दी है।