LLB छात्रा हत्याकांड में बड़ा एक्शन, थानाध्यक्ष और चौकीदार निलंबित; मुख्य आरोपित गिरफ्तार
दिव्या कुमारी पासवान हत्याकांड में पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार और चौकीदार देवेंद्र कश्यप को निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

गया के शेरघाटी थानेदार और चौकीदार सस्पेंड। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार और चौकीदार निलंबित।
दिव्या पासवान हत्याकांड में गंभीर लापरवाही के आरोप।
मुख्य आरोपी राहुल कुमार यादव गिरफ्तार, झारखंड पुलिस को सौंपा।
जागरण संवाददाता, गयाजी। बहुचर्चित कानून (LLB) छात्रा दिव्या कुमारी पासवान हत्याकांड में पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार और चौकीदार देवेंद्र कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, मामले के मुख्य आरोपित राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया है।
जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही
एसएसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 20 जुलाई को पूनम कुमारी ने डीएसपी-1 को दिए आवेदन में पुलिस की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल उठाए थे।
आवेदन में कहा गया था कि मृतका की मां उर्मिला देवी के आवेदन पर शेरघाटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, लेकिन दिव्या अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से होने के बावजूद एफआईआर में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं नहीं जोड़ी गईं।
आरोप है कि इसी चूक का लाभ उठाकर आरोपित को न्यायालय से जमानत मिल गई। मामले की जांच डीएसपी-1 से कराई गई, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल सही पाए गए।
चौकीदार पर भी गंभीर आरोप
जांच में यह भी सामने आया कि चौकीदार देवेंद्र कश्यप ने पीड़ित पक्ष के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें डांट-फटकार लगाई।
जांच रिपोर्ट में चौकीदार की मुख्य आरोपित राहुल कुमार यादव से संलिप्तता के संकेत भी मिले। इसके अलावा, मामले से जुड़े कई तथ्यों को छिपाने की बात भी सामने आई है।
एसएसपी के आदेश में उल्लेख किया गया है कि जांच के दौरान कुछ स्थानीय पत्रकारों द्वारा ब्लैकमेलिंग और रंगदारी की पुष्टि भी हुई है।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने शेरघाटी थानाध्यक्ष और चौकीदार दोनों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया।
मुख्य आरोपित राहुल कुमार यादव गिरफ्तार
इधर, हत्याकांड में शेरघाटी पुलिस ने मुख्य आरोपित राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की गई और बाद में उसे आगे की कार्रवाई के लिए झारखंड के हंटरगंज थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
शेरघाटी थानाध्यक्ष (तत्कालीन) मोहन कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वहीं, डीएसपी संदीप कुमार ने कहा कि मुख्य आरोपित से पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
24 जून से लापता थी दिव्या, 26 जून को मिला था शव
गौरतलब है कि डोभी प्रखंड के अक्षमा गांव निवासी 24 वर्षीय एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान 24 जून से लापता थी। परिजनों की शिकायत के बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी।
26 जून को उसका शव झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित पानी से भरी एक खदान से बरामद हुआ था। इस घटना के बाद दोनों राज्यों में व्यापक आक्रोश फैल गया था और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठी थी।
खबरें और भी
अब पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।