गयाजी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, इंडिगो भी पहली बार बैंकॉक के लिए भरेगी उड़ान
गयाजी एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानें जारी हैं, हालांकि यात्रियों की संख्या में कमी आई है। 25 अक्टूबर से बौद्ध पर्यटन सीजन के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
25 अक्टूबर से गया एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू।
बौद्ध पर्यटन सीजन के लिए तैयारियां तेज, कई एयरलाइंस तैयार।
दलाई लामा के आगमन से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद।
संवाद सूत्र, बोधगया। गयाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से घरेलू उड़ानों का परिचालन फिलहाल नियमित रूप से जारी है। मंगलवार को भी इंडिगो की दोनों निर्धारित उड़ानों ने अपने-अपने गंतव्य के लिए समय पर उड़ान भरी।
हालांकि, यात्रियों की संख्या पहले की तुलना में कुछ कम दर्ज की जा रही है। दूसरी ओर आगामी बौद्ध पर्यटन सीजन को देखते हुए अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन भी शुरू होने जा रहा है।
विभिन्न विमानन कंपनियों ने अपना शीतकालीन (विंटर) उड़ान कार्यक्रम एयरपोर्ट प्रबंधन को उपलब्ध करा दिया है। वर्तमान में गयाजी एयरपोर्ट से केवल इंडिगो की दो घरेलू उड़ानों का संचालन हो रहा है।
पहली उड़ान दिल्ली से गया पहुंचने के बाद सुबह 11 बजे कोलकाता के लिए रवाना होती है। वहीं, दूसरी उड़ान कोलकाता से गया आने के बाद शाम 4:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरती है।
182 सीट क्षमता वाले एयरबस विमान में इन दिनों औसतन करीब 140 यात्री ही सफर कर रहे हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार पहले की अपेक्षा यात्री संख्या में कुछ कमी आई है।
इसके अलावा सप्ताह में सोमवार और शुक्रवार को इन दोनों उड़ानों का संचालन नहीं होने से उन दिनों गया एयरपोर्ट से कोई भी नियमित घरेलू विमान सेवा उपलब्ध नहीं रहती।
गयाजी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का दौर
बोधगया में हर वर्ष आयोजित होने वाले बौद्ध पर्यटन सीजन को देखते हुए गयाजी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन फिर शुरू किया जाएगा।
इस बार पर्यटन सीजन को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और विमानन कंपनियां पहले से ही तैयारियों में जुटी हैं। जानकारी के अनुसार इस वर्ष भी थाई एयरलाइंस, थाई एयर एशिया, भूटान एयरलाइंस और ड्रुक एयर अपनी नियमित सेवाएं संचालित करेंगी।
वहीं, पहली बार इंडिगो भी गया जी से बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी की है। यदि यह सेवा शुरू होती है तो गया एयरपोर्ट के इतिहास में इंडिगो की पहली अंतरराष्ट्रीय सेवा होगी।
जारी शेड्यूल के अनुसार 25 अक्टूबर से थाई एयरलाइंस और थाई एयर एशिया की उड़ानें शुरू होंगी। 26 अक्टूबर से इंडिगो की बैंकॉक सेवा की शुरुआत है। 28 अक्टूबर से भूटान एयरलाइंस पारो-गया मार्ग पर उड़ान संचालित करेगी, जबकि 1 नवंबर से ड्रुक एयर की सेवाएं शुरू होने की जानकारी एयरपोर्ट प्रबंधन को दी गई है।
दलाई लामा के आगमन से बढ़ी पर्यटकों की उम्मीद
इस वर्ष तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु 14वें दलाई लामा के बोधगया आगमन की संभावना को देखते हुए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की उम्मीद है। उनके साथ हजारों बौद्ध अनुयायी भी बोधगया पहुंच सकते हैं।
इसे देखते हुए होटल, पर्यटन उद्योग और स्थानीय कारोबारियों को इस बार बेहतर पर्यटन सीजन की उम्मीद है।
गयाजी एयरपोर्ट पर म्यांमार की उड़ानों का इंतजार
म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल ने अभी तक यांगून-गया उड़ानों का शेड्यूल गया जी एयरपोर्ट को सबमिट नहीं किया है।
इसके कारण म्यांमार से आने वाले यात्रियों और बौद्ध श्रद्धालुओं को अग्रिम टिकट बुकिंग में परेशानी हो रही है। वहीं वियतनाम और कंबोडिया से आने वाली चार्टर उड़ानें पूर्व वर्षों की तरह आवश्यकता के अनुसार संचालित होंगी। ये विमान निर्धारित शेड्यूल के बजाय अनुमति प्राप्त करने के बाद ही गया एयरपोर्ट पर उतरेंगे।
पर्यटन सीजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इससे पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी नया बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।