गयाजी में पितृपक्ष मेले की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे विशेष प्रबंध
गयाजी में 25 सितंबर से शुरू होने वाले पितृपक्ष मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए ...और पढ़ें

सशक्त स्थायी समिति की बैठक। फोटो जागरण
HighLights
पितृपक्ष मेले के लिए 15 सोलर वाटर एटीएम लगेंगे।
मेला क्षेत्र में लेजर लाइट शो का आयोजन होगा।
शहर में 60 नए पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, गयाजी। नगर निगम सभागार में मंगलवार को मेयर वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 सितंबर से शुरू होने वाले पितृपक्ष मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि इस वर्ष पितृपक्ष मेले को पहले से अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
मेला क्षेत्र में शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 15 स्थानों पर सोलर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। इससे तीर्थयात्रियों को आसानी से पेयजल उपलब्ध होगा और भीड़भाड़ के दौरान पानी की समस्या नहीं होगी।
नगर आयुक्त डॉ. गगन ने कहा कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता पितृपक्ष मेला है। लगभग एक पखवारे तक चलने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
मेला क्षेत्र में आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से 24 घंटे सफाई कराई जाएगी, ताकि कहीं भी गंदगी न रहे। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में एलईडी लाइटों के साथ लेजर लाइट शो का भी आयोजन किया जाएगा।
इसके माध्यम से गयाजी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को शहर के महत्व की जानकारी भी मिलेगी। इसके अलावा फल्गु नदी की नियमित सफाई नाव के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि पिंडदान करने आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
खबरें और भी
होडिंग, बैनर और सेल्फी प्वाइंट से सजेगा मेला क्षेत्र
बैठक में मेला क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए होर्डिंग, बैनर और सूचना पट लगाने का भी निर्णय लिया गया। समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने सुझाव दिया कि ब्रह्म सरोवर में बंद पड़े लाइट एवं साउंड सिस्टम को पुनः चालू कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को गयाजी और बोधगया के धार्मिक महत्व की जानकारी मिल सके। इसके अलावा मेला क्षेत्र में कई स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे।
नालों की सफाई पर उठे सवाल
शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नालों और नालियों की सफाई का मुद्दा भी उठा। स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार ने बताया कि शहर के कुल 338 नालों और नालियों में से 305 की सफाई पूरी कर ली गई है।
शेष नालों की सफाई भी शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। हालांकि, समिति सदस्य सारिका कुमारी ने नदारागंज नाले की सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते सफाई नहीं हुई, तो वर्षा के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। वहीं सदस्य उपेंद्र कुमार सिंह ने सफाई एजेंसी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
24 लाख रुपये की लागत से बनेंगे पुस्तकालय भवन
बैठक में शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। नगर निगम ने प्रत्येक वार्ड में पुस्तकालय स्थापित करने की योजना बनाई है। इसके तहत शहर में कुल 60 पुस्तकालय खोले जाएंगे।
जिन वार्डों में विद्यालय या सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां 24 लाख रुपये की लागत से नए पुस्तकालय भवन बनाए जाएंगे। इन पुस्तकालयों को वातानुकूलित बनाया जाएगा तथा यहां कक्षा छह से लेकर स्नातक स्तर तक की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में शहर के आठ तालाबों के सुंदरीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर डिप्टी मेयर चिंता देवी, समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, विनोद कुमार यादव, मनोज कुमार, उपेंद्र कुमार सिंह, सारिका कुमारी, चुन्नु खान, तबस्सुम परवीन सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।