Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गयाजी एयरपोर्ट पर Indigo के यात्रियों की संख्या घटी, 25 अक्टूबर से शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 04:15 PM (GMT+05:30)

    गयाजी एयरपोर्ट पर इंडिगो की घरेलू उड़ानों में यात्रियों की संख्या घटी है, लेकिन 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। थाई एयरलाइंस ...और पढ़ें

    गयाजी एयरपोर्ट पर Indigo के यात्रियों की संख्या घटी, 25 अक्टूबर से शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स

    गयाजी एयरपोर्ट पर Indigo के यात्रियों की संख्या घटी, 25 अक्टूबर से शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स

    HighLights

    1. गयाजी एयरपोर्ट पर इंडिगो यात्रियों की संख्या में कमी।

    2. 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें होंगी शुरू।

    3. इंडिगो की पहली गया-बैंकॉक अंतरराष्ट्रीय उड़ान।

    संवाद सूत्र, बोधगया। गयाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से घरेलू उड़ानों का संचालन फिलहाल नियमित रूप से जारी है, लेकिन इंडिगो की उड़ानों में यात्रियों की संख्या पहले की तुलना में कुछ कम दर्ज की जा रही है। मंगलवार को भी एयरलाइन की दोनों निर्धारित उड़ानें समय पर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।

    वहीं, आगामी बौद्ध पर्यटन सीजन को देखते हुए 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होने जा रहा है। विभिन्न विमानन कंपनियों ने अपना शीतकालीन (विंटर) उड़ान कार्यक्रम एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंप दिया है। वर्तमान में गया एयरपोर्ट से केवल इंडिगो की दो घरेलू उड़ानों का संचालन हो रहा है।

    पहली उड़ान दिल्ली से गया पहुंचने के बाद सुबह 11 बजे कोलकाता के लिए रवाना होती है, जबकि दूसरी उड़ान कोलकाता से गया पहुंचकर शाम 4:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरती है। 182 सीट क्षमता वाले एयरबस विमान में इन दिनों औसतन करीब 140 यात्री ही सफर कर रहे हैं।

    एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार पहले की तुलना में यात्री संख्या में गिरावट आई है। इसके अलावा सोमवार और शुक्रवार को इन दोनों उड़ानों का संचालन नहीं होने से उन दिनों गया एयरपोर्ट से कोई नियमित घरेलू विमान सेवा उपलब्ध नहीं रहती।

    खबरें और भी

    बौद्ध पर्यटन सीजन को देखते हुए 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर से थाई एयरलाइंस और थाई एयर एशिया की सेवाएं शुरू होंगी। 26 अक्टूबर से इंडिगो पहली बार गया से बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी में है।

    यह सेवा शुरू होने पर गया एयरपोर्ट के इतिहास में इंडिगो की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। इसके बाद 28 अक्टूबर से भूटान एयरलाइंस पारो-गया मार्ग पर उड़ान संचालित करेगी, जबकि 1 नवंबर से ड्रुक एयर की सेवाएं शुरू होने की सूचना एयरपोर्ट प्रबंधन को मिल चुकी है।

    इस वर्ष तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु 14वें दलाई लामा के संभावित बोधगया आगमन को लेकर भी पर्यटन क्षेत्र में उत्साह है। उनके साथ बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबारियों को बेहतर पर्यटन सीजन की उम्मीद है।

    हालांकि, म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल ने अभी तक यांगून-गया उड़ानों का शेड्यूल एयरपोर्ट प्रबंधन को उपलब्ध नहीं कराया है। इससे म्यांमार से आने वाले यात्रियों को अग्रिम टिकट बुकिंग में परेशानी हो रही है।

    वहीं, वियतनाम और कंबोडिया से चार्टर उड़ानें पूर्व वर्षों की तरह आवश्यकता के अनुसार संचालित की जाएंगी। एयरपोर्ट प्रबंधन को उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के साथ बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी गति मिलेगी।