गया-डोभी जीटी रोड पर पलटा कोयला लदा ट्रक, नीचे दबने से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत
गया-डोभी जीटी रोड पर एक कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक बाइक सवार बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए। ...और पढ़ें

जेसीबी की मदद से कोयला को हटाया
HighLights
गया-डोभी जीटी रोड पर कोयला लदा ट्रक पलटा।
बाइक सवार 62 वर्षीय कारू मिस्त्री की मौत।
स्थानीय लोगों और जेसीबी से राहत कार्य किया गया।
संवाद सूत्र, डोभी। गया-डोभी जीटी रोड पर बुधवार को पीपरघटी स्थित जैव विविधता पार्क के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोयला लदा ट्रक आगे चल रही बस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान बगल से गुजर रहे बाइक सवार 62 वर्षीय कारू मिस्त्री ट्रक की चपेट में आ गए।
ट्रक पलटते ही उस पर लदा पूरा कोयला बाइक सवार पर गिर गया, जिससे वह कोयले के नीचे दब गए। हादसे में बस भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
जेसीबी की मदद से कोयला को हटाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और जेसीबी की मदद से कोयला हटाकर बाइक समेत दबे कारू मिस्त्री को बाहर निकाला। मृतक का घर बहेरा थाना क्षेत्र के मटन मोड़ है।
सूचना पर पहुंची डोभी थाना पुलिस ने घायल कारू मिस्त्री एवं ट्रक चालक युगेश कुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर किया गया।
परिजनों ने कारू मिस्त्री को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया और मामले की जांच में जुट गई है।