Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गयाजी में सड़क परियोजनाओं की सौगात, NH-82 बाईपास होगा फोरलेन, नालंदा और पलामू से कनेक्टिविटी होगी मजबूत

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

    केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गयाजी के लिए स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं को विकास की बड़ी उपलब्धि बताया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. गयाजी में नई सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी।

    2. फल्गु नदी के किनारे सड़क, बोधगया बाईपास फोरलेन।

    3. पर्यटन, रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे।

    जागरण संवाददाता, गयाजी। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने गयाजी के लिए स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं को विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।

    उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गयाजी की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को केंद्र सरकार पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

    केंद्रीय मंत्री ने बताया कि झारखंड के चतरा से गयाजी के बेलागंज तक फल्गु नदी के पश्चिमी तट के किनारे पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही ऐतिहासिक फल्गु नदी की सफाई भी कराई जाएगी।

    उन्होंने कहा कि यह परियोजना धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए भी महत्वपूर्ण होगी।

    उन्होंने बताया कि एनएच-82 बाइपास घुघरीटांड़ से बोधगया प्रखंड के मोहनपुर, खुटौर और कोबरा कैंप होते हुए जीटी रोड (एनएच-2) तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इससे बोधगया आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेलागंज से बलुआ खंदा मोड़ होते हुए नालंदा जिले के गिरियक तक नई सड़क बनने से दोनों ऐतिहासिक जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

    वहीं, शेरघाटी से झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज तक राज्य पथ-69 को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने से बांकेबाजार, इमामगंज, डुमरिया और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

    नितिन गडकरी से की मुलाकात

    केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे में डुमरिया प्रखंड के छकरबंधा के पास कट और सर्विस रोड निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संबंध में भी जल्द सकारात्मक निर्णय होगा।

    मंत्री के सलाहकार डॉ. दानिश रिजवान ने कहा कि गयाजी के लिए एक साथ कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का आगे बढ़ना जिले के विकास का नया अध्याय साबित होगा।

    उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आवागमन आसान होगा, निवेश बढ़ेगा और पर्यटन व उद्योग को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से गयाजी आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा।

    यह भी पढ़ें- बिहार के औद्योगिक विकास को रफ्तार, गयाजी में लगेगा 6000 करोड़ का एकीकृत इस्पात उद्योग

    खबरें और भी