पनकी धाम में काम के चलते गया होकर चलने वाली 22 ट्रेनों की थमेगी रफ्तार, रेलवे ने दिया अपडेट
गया जंक्शन से गुजरने वाली 22 ट्रेनें जुलाई के अंतिम सप्ताह में पनकी धाम स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण प्रभावित होंगी। ...और पढ़ें
-1784656693338_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पनकी धाम में चौथी रेल लाइन के लिए कार्य।
गया होकर गुजरने वाली 22 ट्रेनें प्रभावित होंगी।
यात्रियों को यात्रा से पहले स्टेटस जांचने की सलाह।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन से दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने वाले हजारों रेल यात्रियों को जुलाई के अंतिम सप्ताह में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रयागराज मंडल के कानपुर-टुंडला रेलखंड स्थित पनकी धाम स्टेशन पर चौथी रेल लाइन की कनेक्टिविटी के लिए यार्ड रीमाडलिंग का कार्य शुरू होने जा रहा है।
इसके लिए नॉन इंटरलाकिंग (एनआई) ब्लाक लिया जाएगा, जिसके कारण गया होकर गुजरने वाली 22 प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे के इस निर्णय का असर गया जंक्शन पर भी साफ दिखाई देगा। प्रतिदिन हजारों यात्री गया से दिल्ली, हावड़ा, कानपुर, आगरा, अजमेर, जम्मूतवी, दरभंगा, असम और राजस्थान की यात्रा करते हैं।
ऐसे में ट्रेनों के विलंब से चलने और नियंत्रित परिचालन का सीधा प्रभाव यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का अद्यतन स्टेटस जांचने की अपील की है।
छह ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से देर से चलेंगी
रेलवे के अनुसार 22308 बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस 29 जुलाई को बीकानेर से 150 मिनट विलंब से रवाना होगी। 12324 बाड़मेर-हावड़ा एक्सप्रेस 120 मिनट की देरी से चलेगी।
वहीं, 30 जुलाई को 12816 आनंद विहार-पुरी नंदन कानन एक्सप्रेस और 12506 आनंद विहार-कामाख्या नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस 150-150 मिनट विलंब से प्रस्थान करेंगी।
12488 आनंद विहार-जोगबनी सीमांचल एक्सप्रेस 90 मिनट तथा 18101 टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस 120 मिनट विलंब से खुलेगी। इन ट्रेनों के विलंब का असर इनके पूरे मार्ग पर पड़ेगा, जिससे गया जंक्शन पर भी इनके आगमन और प्रस्थान का समय प्रभावित होगा।
16 ट्रेनों का रास्ते में नियंत्रित होगा परिचालन
एनआई कार्य के दौरान 22307 हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस, 12307 हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस, 12505 कामाख्या-आनंद विहार नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 12947 अहमदाबाद-राजगीर अजीमाबाद एक्सप्रेस, 12274 नई दिल्ली-हावड़ा एक्सप्रेस, 12566 नई दिल्ली-दरभंगा स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 15483 अलीपुरद्वार-दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस, 13051/13052 नेताजी एक्सप्रेस, 12819 भुवनेश्वर-आनंद विहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 18102 जम्मूतवी-टाटा एक्सप्रेस, 15484 दिल्ली-अलीपुरद्वार महानंदा एक्सप्रेस, 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस तथा 12487 जोगबनी-आनंद विहार सीमांचल एक्सप्रेस सहित 16 प्रमुख ट्रेनों को 30 से 120 मिनट तक नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
गया जंक्शन पर बढ़ सकती है भीड़
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि ट्रेनों के विलंब से परिचालन के कारण गया जंक्शन के प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ सकती है।
श्रावणी मेला और आगामी रक्षाबंधन सहित त्योहारों के कारण पहले से ही ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ है। ऐसे में यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचने और ट्रेन की सही जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
भविष्य में मिलेगा परिचालन का लाभ
रेलवे के अनुसार, पनकी धाम स्टेशन पर यार्ड रीमाडलिंग और चौथी लाइन की कनेक्टिविटी पूरी होने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु होगा।
इससे ट्रेनों की समयपालन क्षमता में सुधार होगा, लाइन क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में विलंब की समस्या कम होगी। यह परियोजना उत्तर मध्य रेलवे के व्यस्त रेलखंड पर परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
खबरें और भी
इन ट्रेनों पर रहेगा सबसे अधिक असर
- बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस
- बाड़मेर-हावड़ा एक्सप्रेस
- हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस
- हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस
- नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस
- सीमांचल एक्सप्रेस
- संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
- स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस
- नेताजी एक्सप्रेस
- सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस
- अजीमाबाद एक्सप्रेस
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि प्रयागराज मंडल के पनकी धाम स्टेशन पर चौथी रेल लाइन की कनेक्टिविटी के लिए यार्ड रीमाडलिंग एवं नॉन इंटरलाकिंग (एनआई) कार्य किया जा रहा है।
इस कारण कुछ ट्रेनों को पुनर्निर्धारित समय से चलाया जाएगा, जबकि कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से नियंत्रित रहेगा।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस, रेल मदद एप अथवा हेल्पलाइन 139 से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।