जम्मूतवी एक्सप्रेस में गोली मारकर बिहारी युवक की हत्या, नैमिषारण्य धाम जा रहे दिनेश साहू की ट्रेन में मौत
गया जिले के बाराचट्टी निवासी दिनेश साहू की जम्मूतवी एक्सप्रेस में वाराणसी के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इस घटना को लूटपाट के बजाय सुनियोजित ...और पढ़ें

जम्मूतवी एक्सप्रेस
संवाद सूत्र, बाराचट्टी (गया)। गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी 42 वर्षीय दिनेश साहू की चलती ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात रविवार देर रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में वाराणसी के समीप हुई।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक दिनेश साहू अपनी पत्नी और परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश के नैमिषारण्य धाम जा रहे थे।
S-2 कोच में सफर कर रहे थे दिनेश साहू
जानकारी के अनुसार दिनेश साहू जम्मूतवी एक्सप्रेस के S-2 कोच में यात्रा कर रहे थे। उनकी साली नीला देवी, नाती प्रीत राज और अन्य परिजन दूसरी बोगी में मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पहले ब्लॉक हट-बी के पास पहुंची थी। इसी दौरान दिनेश साहू शौचालय की ओर गए थे।
सिर में लगी गोली, मौके पर हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चला दी। गोली सीधे दिनेश साहू के सिर में लगी और वे ट्रेन में ही गिर पड़े।
गोली लगते ही कोच में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने रेलवे पुलिस को सूचना दी।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए अपराधी
ट्रेन की रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार हो गए। रात करीब 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रेलवे पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
लूट नहीं, साजिश की आशंका
जांच में पता चला कि मृतक के पास रखे करीब 15 हजार रुपये नकद और उनकी पत्नी के गहने सुरक्षित मिले हैं।
इसके बाद पुलिस को शक है कि हत्या सिर्फ लूटपाट के इरादे से नहीं की गई। पुलिस अब किसी पुराने विवाद या सुनियोजित साजिश के एंगल पर भी जांच कर रही है।
घटना को लेकर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
गांव में मातम, गिरफ्तारी की मांग तेज
घटना की सूचना मिलते ही तेतरिया गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मुखिया प्रतिनिधि शैलेश कुमार सिन्हा ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और स्पीडी ट्रायल की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।