झारखंड में मंदिर दर्शन के लिए गई बिहार की LLB छात्रा की मौत, प्रेमी पर हत्या का आरोप
एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद उसके परिजनों ने कथित प्रेमी राहुल कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। झारखंड में शव मिलने के बाद बिहार ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
परिजनों ने कथित प्रेमी राहुल कुमार पर हत्या का आरोप लगाया।
झारखंड में माइंस के गड्ढे से बरामद हुआ था शव।
संवाद सूत्र, डोभी। प्रखंड के अच्छवा गांव निवासी एलएलबी अंतिम वर्ष की छात्रा दिव्या कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके स्वजनों ने कथित प्रेमी राहुल कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है।
शनिवार को झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलों स्थित एक परित्यक्त माइंस के गड्ढे से बरामद शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने हजारीबाग में पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के पिता चमारी पासवान ने बताया कि दिव्या शेरघाटी न्यायालय में एक अधिवक्ता के मुंशी के रूप में कार्य करती थी और गया स्थित अनुग्रह नारायण मेमोरियल कॉलेज में एलएलबी अंतिम वर्ष की छात्रा थी।
उनके अनुसार, 24 जून की सुबह दिव्या अपनी बहन से झारखंड के कालेश्वरी मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। बताया गया कि मंदिर से लौटने के बाद वह फिर शेरघाटी चली गई। शाम तक घर नहीं लौटने पर उसकी छोटी बहन ने मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने जल्द आने की बात कही, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
स्वजन ने काफी खोजबीन की और कथित प्रेमी राहुल कुमार से भी जानकारी मांगी, लेकिन उन्होंने कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया। इसके बाद शेरघाटी थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई।
शनिवार को हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलों गांव के समीप माइंस के गड्ढे से एक युवती का शव मिलने की सूचना पर दिव्या की मां और बहन वहां पहुंचीं, जहां तस्वीर देखकर शव की पहचान की गई।
प्रेमी पर हत्या का आरोप
स्वजनों का आरोप है कि राहुल कुमार ने पहले भी दिव्या के साथ मारपीट और यौन शोषण किया था। इस मामले में वर्ष 2025 में दिव्या ने शेरघाटी थाना में राहुल तथा उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
उस मामले में राहुल करीब एक वर्ष तक जेल में भी रहा और वर्तमान में जमानत पर बाहर है। प्राथमिकी में दोनों के बीच प्रेम संबंध, कई बार शारीरिक संबंध बनाने तथा झारखंड के भद्रकाली मंदिर में शादी करने का भी उल्लेख है, हालांकि शादी का कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है।
खबरें और भी
वहीं, दूसरी ओर राहुल की बहन द्वारा दिव्या के खिलाफ का मामला भी दर्ज कराया गया था। अब दिव्या की मौत के बाद उसके स्वजन सीधे तौर पर राहुल कुमार को हत्या का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल झारखंड और बिहार पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में शोक का माहौल है और परिजन दिव्या के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं।