मेमू ट्रेन का बाघी बरडीहा स्टेशन पर ठहराव शुरू, नवादा-वारिसलीगंज यात्रियों को राहत
रेलवे ने गया-जमालपुर रेलखंड पर बाघी बरडीहा स्टेशन पर मेमू ट्रेनों के ठहराव की तिथि में संशोधन किया है। इससे नवादा और वारिसलीगंज के हजारों दैनिक यात्रि ...और पढ़ें

मेमू ट्रेन का बाघी बरडीहा स्टेशन पर ठहराव। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बाघी बरडीहा स्टेशन पर मेमू ट्रेन का ठहराव।
23 और 24 मई से नई समय-सारणी लागू।
नवादा, वारिसलीगंज के यात्रियों को मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, गया। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गया-जमालपुर रेलखंड पर चलने वाली मेमू ट्रेनों के बाघी बरडीहा स्टेशन पर ठहराव की तिथि में आंशिक संशोधन किया है।
पूर्व मध्य रेल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अब नई तिथि से दोनों मेमू ट्रेनों का नियमित ठहराव शुरू होगा। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने गुरुवार को यह बताया।
इसके अनुसार गाड़ी संख्या 63387/63388 जमालपुर-गया-जमालपुर मेमू का ठहराव संशोधित समय-सारणी के अनुसार लागू किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत 23 मई से गाड़ी संख्या 63388 गया-जमालपुर मेमू बाघी बरडीहा स्टेशन पर शाम 4:26 बजे पहुंचेगी और एक मिनट के ठहराव के बाद 4:27 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
वहीं 24 मई से गाड़ी संख्या 63387 जमालपुर-गया मेमू सुबह 11:09 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 11:10 बजे प्रस्थान करेगी।
दैनिक यात्रियों और छात्रों को होगा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ठहराव से नवादा और वारिसलीगंज रेलखंड के आसपास रहने वाले हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। लंबे समय से स्थानीय लोग बाघी बरडीहा स्टेशन पर मेमू ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे।
नई सुविधा लागू होने के बाद दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यवसायियों को आवागमन में काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्रीय संपर्क भी बेहतर होगा और यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे।
यात्रियों ने जताई खुशी
रेलवे के इस फैसले का स्थानीय यात्रियों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि मेमू ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गया, जमालपुर और अन्य शहरों तक आने-जाने में सुविधा होगी।
साथ ही समय और खर्च दोनों की बचत भी होगी। यात्रियों का मानना है कि रेलवे की यह पहल क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
यह भी पढ़ें- अर्चना और जियारत एक्सप्रेस में बक्सर यात्रियों को मिला बड़ा फायदा; बढ़ेगी टिकट कन्फर्म होने की संभावना