गया में पति ने ब्लेड से गला रेतकर की पत्नी की हत्या, फिर खुद जान देने की कोशिश की
मानपुर के बाराडीह गांव में मनोज बिंद ने अपनी पत्नी फेकनी देवी की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। ...और पढ़ें
-1786297344881_m.webp)
मौके पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
HighLights
मानपुर में पति ने पत्नी फेकनी देवी की गला रेतकर हत्या की।
हत्या के बाद पति मनोज बिंद ने खुदकुशी का प्रयास किया।
पति-पत्नी के बीच अनबन और आर्थिक तंगी थी वजह।
संवाद सूत्र, मानपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में शनिवार की रात एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय फेकनी देवी के रूप में हुई है।
हत्या का आरोप उसके पति मनोज बिंद पर लगाया गया है। घटना के बाद मनोज ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल सह अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस मामले में मृतका के पुत्र नीतीश कुमार ने क्षेत्रीय थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है, जिसमें उसने अपनी मां फेकनी देवी की हत्या में पिता को अरोपित बनाया है। हालांकि, अभी प्राथमिकी नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से अनबन चल रही थी। मनोज बिंद राजमिस्त्री का काम करता था, लेकिन करीब छह माह पहले काम के दौरान उसके पैर में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह मजदूरी करने में असमर्थ हो गया।
दंपती में होती रहती थी नोकझोंक
इसी कारण दंपती के बीच अक्सर नोकझोंक होती थी। फेकनी देवी खेती-किसानी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि मनोज बिंद प्रतिदिन नशे की हालत में रहता था और एक मकान बेचने को लेकर भी विवाद होता था। दंपती के दो मकान अगल-बगल हैं; पति-पत्नी एक मकान में सोते थे, जबकि उनके बच्चे दूसरे मकान में रहते थे।
आरोप है कि रात में मनोज ने फेकनी देवी के गहरी नींद में सोने के दौरान ब्लेड से उसके गले पर वार कर दिया। घटना के बाद महिला की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने खुद को भी घायल कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल सह अस्पताल भेज दिया।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि 45 वर्षीय महिला फेकनी देवी की हत्या की गई है। महिला के पति मनोज बिंद के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसका इलाज मगध मेडिकल में कराया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका का मायका जहानाबाद जिले के इस्लामपुर में है और उसके तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।