राशन कार्ड से नाम कट गया है? बिहार में पात्र परिवार दोबारा कर सकते हैं आवेदन, ये है पूरी प्रक्रिया
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड से नाम हटे पात्र परिवार अब दोबारा आवेदन कर सकते हैं। खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग ने यह मौका दिया है। ...और पढ़ें

साइबर कैफे और वसुधा केंद्र से कर सकते हैं आवेदन
HighLights
पात्र परिवार राशन कार्ड के लिए दोबारा आवेदन कर सकते हैं।
साइबर कैफे, वसुधा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन करें।
आधार, निवास प्रमाण पत्र, पारिवारिक फोटो आवश्यक दस्तावेज।
पंचायत सूत्र, टनकुप्पा(गया)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र होने के बावजूद जिन परिवारों का नाम राशन कार्ड से हट गया है, उनके लिए राहत भरी खबर है। खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग की ओर से ऐसे परिवारों को दोबारा आवेदन करने का मौका दिया गया है।
विभाग के निर्देश के अनुसार पात्र परिवार निर्धारित प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच के उपरांत पात्र लाभुकों का नाम फिर से राशन कार्ड में जोड़ा जा सकेगा।
साइबर कैफे और वसुधा केंद्र से कर सकते हैं आवेदन
उतलीबारा पंचायत की मुखिया कंचन देवी ने बताया कि इच्छुक लाभुक अपने नजदीकी साइबर कैफे या वसुधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत उतलीबारा कार्यालय में भी आवेदन से संबंधित सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर यह प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी योग्य लाभुकों का राशन कार्ड पुनः बन सके।
आवेदन से पहले तैयार रखें जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक को अपना आधार कार्ड और परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड तैयार रखना होगा। इसके साथ ही समग्र परिवार की फोटो और निवास प्रमाण पत्र भी जरूरी होगा।
खबरें और भी
कुछ मामलों में आय प्रमाण पत्र की भी आवश्यकता पड़ सकती है। इसके अलावा मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण और सरकार द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज भी आवेदन के समय उपलब्ध कराने होंगे।
चेकलिस्ट के अनुसार दस्तावेज लगाने की सलाह
मुखिया कंचन देवी ने बताया कि आवेदन करते समय विभाग द्वारा जारी चेकलिस्ट के अनुसार सभी दस्तावेज संलग्न करना जरूरी है। इससे आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने लाभुकों से अपील की कि आवेदन से पहले सभी जरूरी कागजात की जांच कर लें, ताकि प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके।
पात्र परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ
सरकार की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाला कोई भी पात्र परिवार राशन योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
ऐसे में जिन परिवारों का नाम किसी कारणवश राशन कार्ड सूची से हट गया है, वे जल्द से जल्द आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।