शेरघाटी के लोगों के लिए खुशखबरी; 4 किमी रिंग रोड से आसान होगा सफर, जाम, धूल और देरी से छुटकारा
शेरघाटी में यातायात समस्या के स्थायी समाधान हेतु मोरहर नदी के पूर्वी छोर पर लगभग चार किलोमीटर लंबे रिंग रोड के विस्तार की योजना है। यह सड़क नई बाजार थ ...और पढ़ें

इसी रास्ते पर बनेगा रिंग रोड। जागरण
HighLights
मोरहर नदी के पूर्वी छोर पर 4 किमी रिंग रोड का विस्तार।
शेरघाटी में ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत, आवागमन सुधरेगा।
विधायक उदय कुमार सिंह ने विधानसभा में उठाया यह मुद्दा।
संवाद सहयोगी, शेरघाटी। शेरघाटी में यातायात समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक अहम पहल होती दिख रही है।
मोरहर नदी के पूर्वी छोर पर नई बाजार थाना भवन के पीछे से कठार बहेलिया बीघा होते हुए नगर परिषद क्षेत्र के कमात गांव तक लगभग चार किलोमीटर लंबे रिंग रोड के विस्तार की संभावना प्रबल हो गई है।
यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो शेरघाटी से गया की ओर चेरकी जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ भारवाहक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी और रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
प्रस्तावित रिंग रोड के निर्माण से न केवल मुख्य बाजार क्षेत्र पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि मोरहर नदी के किनारे बसे लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
क्षेत्र की बदलेगी तस्वीर
नदी छोर पर स्थित आबादी सीधे सड़क मार्ग से जुड़ जाएगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इस मुद्दे को लेकर शेरघाटी विधायक उदय कुमार सिंह ने विधानसभा में आवाज उठाई है। विधायक ने कहा कि नगर और आसपास के क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है।
ऐसे में नगर में प्रवेश करने वाले लोगों को प्रतिदिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में रिंग रोड विस्तार की योजना बनाई गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह कार्य लंबित रह गया। अब इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की योजना है।
2015 से ही चल रही चर्चा
पूर्व वार्ड पार्षद राम लखन पासवान ने बताया कि वर्ष 2015 से ही रिंग रोड के विस्तारीकरण की योजना पर चर्चा होती रही है।
पूर्व मंत्री डॉ. विनोद प्रसाद यादव के कार्यकाल में नई बाजार तक रिंग रोड दोनों ओर से बनाया भी गया था। यदि इसी रिंग रोड का विस्तार दोनों छोर से बुढ़िया नदी और मोरहर नदी होते हुए चेरकी रोड तक जोड़ दिया जाए, तो शेरघाटी की यातायात समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।
वहीं जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार का मानना है कि दोनों छोर से रिंग रोड का निर्माण होने पर यह शेरघाटी के लिए लाइफ लाइन साबित होगा।
स्थानीय लोगों विनय प्रसाद गुप्ता, रविंद्र यादव सहित अन्य नागरिकों ने भी रिंग रोड के निर्माण को समय की जरूरत बताते हुए शीघ्र कार्य शुरू करने की मांग की है।