पिता चलाते हैं टैक्सी, बेटे ने किया कमाल; गयाजी के सुमित ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में टॉप-10 में बनाई जगह
सुमित कुमार ने बिहार मैट्रिक परीक्षा में 482 अंक प्राप्त कर राज्य के टॉप 10 में नौवां स्थान हासिल किया है। गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के डुमरी चट्टी ग ...और पढ़ें
-1774780025105_m.webp)
परिजनों के साथ सुमित कुमार। (जागरण)
HighLights
सुमित कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में 482 अंक प्राप्त किए।
बिहार स्टेट टॉप 10 में नौवां स्थान हासिल किया।
किसान परिवार से होकर यूपीएससी की तैयारी का लक्ष्य।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। गया जिले के फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के डुमरी चट्टी गांव से निकला एक होनहार छात्र ने रविवार को जिले और राज्य का गौरव बन गया है।
किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले रूपनारायण यादव के पौत्र सुमित कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में 482 अंक हासिल कर बिहार स्टेट टॉप 10 में नौवां स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि से गांव से लेकर प्रखंड मुख्यालय तक खुशी की लहर दौड़ गई है। सुमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरी चट्टी का छात्र है।
आर्थिक रूप से साधारण परिवार में पले बढ़े सुमित के पिता मुकेश यादव कोलकाता में टैक्सी चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। जबकि दादा रूपनारायण यादव किसान हैं। भाइयों में तीसरे स्थान पर है। सुमित की मां गृहिणी हैं।
सीमित संसाधनों में पाई सफलता
सुमित ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उसने बताया कि वह शुरू से ही लक्ष्य तय कर पढ़ाई करता था।
डुमरी चट्टी स्थित आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर में ट्यूशन लेने के साथ साथ घर पर नियमित स्वाध्याय उसकी सफलता का आधार रहा। भविष्य को लेकर सुमित का सपना बड़ा है। उसने कहा कि वह आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी कर देश सेवा करना चाहता है।
सुमित की सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
दादा रूपनारायण यादव ने गर्व से कहा कि सुमित बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहा है। आज उसकी मेहनत रंग लाई है। सुमित ने अपनी इस उपलब्धि से न केवल अपने परिवार, बल्कि गांव, प्रखंड और जिले का नाम रोशन कर दिया है।