Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गया के लिए खुशखबरी! टनकुप्पा में बनेगा रेलवे अंडरपास, संसदीय समिति की बैठक में 18 रेल प्रस्तावों पर चर्चा

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 08:15 PM (IST)

    धनबाद रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में गया संसदीय क्षेत्र से 18 से अधिक रेल समस्याओं और जनहित प्रस्तावों पर चर्चा हुई। टनकुप्पा रेलवे स्टेशन पर अंडरप ...और पढ़ें

    संसदीय समिति की बैठक। फोटो जागरण

    संसदीय समिति की बैठक। फोटो जागरण

    HighLights

    1. टनकुप्पा रेलवे अंडरपास को मिली स्वीकृति, जल्द शुरू होगा निर्माण।

    2. गया संसदीय क्षेत्र से 18 से अधिक रेल प्रस्ताव उठाए गए।

    3. पहाड़पुर सहित कई स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग।

    संवाद सूत्र, फतेहपुर। धनबाद रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक बुधवार को मंडल सभागार में सांसद बीडी राम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, धनबाद सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

    केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के निर्देश पर गया संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए उनके सांसद प्रतिनिधि ई. नंदलाल मांझी ने क्षेत्र से जुड़ी 18 से अधिक महत्वपूर्ण रेल समस्याओं और जनहित प्रस्तावों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने टनकुप्पा, पहाड़पुर, गुरपा और बंधुआ रेलवे स्टेशनों से संबंधित अंडरपास, ओवरब्रिज, नई रेल लाइन तथा ट्रेनों के ठहराव जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

    बैठक में बताया गया कि टनकुप्पा रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के समीप पोल संख्या 449/4 से 449/5 के बीच प्रस्तावित रेलवे अंडरपास को स्वीकृति मिल चुकी है। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और विभाग ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।

    इन प्रस्तावों पर हुई चर्चा

    बैठक में इस्लामपुर–मानपुर नई रेल लाइन परियोजना, रसलपुर में ओवरब्रिज निर्माण, पहाड़पुर स्टेशन पर हावड़ा–मुंबई मेल और धनबाद–फिरोजपुर एक्सप्रेस के ठहराव, कोडरमा–वैशाली फास्ट मेमू का टनकुप्पा और पहाड़पुर में स्टॉपेज, डुमरी चट्टी के समीप अंडरपास, टनकुप्पा स्टेशन पर आरक्षित टिकट सुविधा, दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का टनकुप्पा में ठहराव एवं गया तक विस्तार, गुरपा स्टेशन पर हटिया–पूर्णिया एक्सप्रेस के ठहराव तथा गया से जयनगर और श्रीनगर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए।

    खबरें और भी

    इसके अलावा, कोरोना काल के बाद भी पैसेंजर ट्रेनों में एक्सप्रेस श्रेणी का किराया वसूले जाने का मुद्दा उठाते हुए किराया युक्तिसंगत करने की मांग की गई। साथ ही रेल पथ कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार का भी प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा गया।

    सांसद प्रतिनिधि ई. नंदलाल मांझी ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से गया संसदीय क्षेत्र के लाखों यात्रियों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

    यह भी पढ़ें- मुंगेर को मिली सौगात, मुख्यालय में ही बनेगा नया केंद्रीय विद्यालय; सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी