सांपों से खेलता 5 साल का मासूम, वीडियो देखकर हर कोई पूछ रहा- ये कैसे मुमकिन है?
गोपालगंज में 5 वर्षीय रिजवान ने दो विशाल धामिन सांपों को पकड़ा और उनके साथ खेला, जिसका वीडियो वायरल हो गया। ...और पढ़ें
HighLights
गोपालगंज में 5 वर्षीय रिजवान ने पकड़े दो धामिन सांप।
बच्चे के पिता ने बताया सांप पकड़ने का तरीका सीखा।
विशेषज्ञों ने सांपों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र स्थित बसडीला गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज पांच वर्षीय रिजवान ने एक साथ दो विशाल धामिन (रैट स्नेक) सांपों को पकड़ लिया।
बच्चा बिना किसी डर के दोनों सांपों को हाथ में लेकर उनके साथ खेलता नजर आया, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग दंग रह गए।
मौके पर जुटी लोगों की भीड़
घटना एनएच-27 के समीप हुई, जहां बच्चे को सांपों के साथ खेलते देख बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा और इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
पिता ने बताया कैसे सीखा सांप पकड़ना
बच्चे के पिता शमशेर अली ने बताया कि गांव में रहने वाला एक व्यक्ति सांप पकड़ने का काम करता है।
उसी व्यक्ति ने रिजवान को सांप पकड़ने का तरीका सिखाया है। पिता के इस बयान के बाद गांव में इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
धामिन सांप विषहीन, लेकिन बरतें सावधानी
जानकारों के अनुसार धामिन (रैट स्नेक) सामान्यतः विषहीन होता है और इंसानों के लिए जहरीला नहीं माना जाता।
इसके बावजूद किसी भी जंगली सांप के पास जाना या उसे पकड़ना जोखिम भरा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में बच्चों को सांपों से दूर रखना चाहिए।
वन विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देना सबसे सुरक्षित तरीका है।
फिलहाल मासूम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है, लेकिन विशेषज्ञ इसे दोहराने से बचने की सलाह दे रहे हैं।