Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पत्नी को मनाने निकला था गोपालगंज का युवक; रास्ते में जिंदगी भर का दर्द दे गया ट्रेन हादसा, दोनों पैर कटे

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:30 AM (IST)

    गोपालगंज के थावे जंक्शन के पास ट्रेन की चपेट में आने से मोहम्मद अजहरुद्दीन नामक युवक के दोनों पैर कट गए। पत्नी को मनाने ससुराल जा रहे युवक को गंभीर हा ...और पढ़ें

    अस्पताल में भर्ती युवक के पास बिलखती परिवार की युवती। जागरण

    अस्पताल में भर्ती युवक के पास बिलखती परिवार की युवती। जागरण

    HighLights

    1. युवक मोहम्मद अजहरुद्दीन के दोनों पैर ट्रेन से कटे।

    2. थावे जंक्शन के पास हुआ दर्दनाक ट्रेन हादसा।

    3. गंभीर हालत में पीएमसीएच पटना रेफर किया गया।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। पत्नी को मनाने और उसे वापस घर लाने के लिए ससुराल जा रहे एक युवक के साथ शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया।

    थावे जंक्शन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर घुटने के पास से कट गए। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान थावे थाना क्षेत्र के रिखई टोला गांव निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अजहरुद्दीन के रूप में हुई है।

    यूपी जा रहा था पत्नी को लाने

    अजहरुद्दीन थावे मंदिर परिसर के आसपास फोटोग्राफी का काम करता है। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। उसकी हालत देख परिवार के लोग सन्न रह गए। 

    स्वजनों के अनुसार, किसी बात को लेकर नाराज पत्नी अपने मायके उत्तर प्रदेश के दुधही चली गई थी। उसे मनाने और वापस घर लाने के लिए अजहरुद्दीन शुक्रवार को दुधही जाने के लिए निकला था। इसी दौरान थावे जंक्शन के समीप वह ट्रेन की चपेट में आ गया। 

    गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर 

    हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए और घुटने के पास से कट गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी को दी।

    सूचना मिलते ही जीआरपी थावे की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया।

    घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक की गंभीर हालत को लेकर परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है। इधर, जीआरपी पुलिस ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। 

    खबरें और भी