'पत्नी-बच्चों को बुलाओ; तभी नीचे उतरूंगा', गोपालगंज में 175 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा शराबी पति
गोपालगंज के जादोपुर थाना क्षेत्र में एक युवक शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह पत्नी और बच्चों को मौके पर बुलाने की जिद कर रहा है, जिसके बाद ...और पढ़ें
HighLights
शराब के नशे में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा।
पत्नी और बच्चों को बुलाने की कर रहा जिद।
पुलिस-प्रशासन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटा।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र के मशान थाना गांव में शुक्रवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 175 फिट की ऊंचाई पर युवक को चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना तत्काल जादोपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई।
टावर पर चढ़े युवक की पहचान मशान थाना गांव निवासी उदय राम, पिता विक्की राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक शराब के नशे में था। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि उसकी पत्नी शराब पीकर गाली-गलौज और घरेलू विवाद से तंग आकर अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई है।
बताया जा रहा है कि युवक टावर से नीचे उतरने के लिए अपनी पत्नी और बच्चों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा है। वह बार-बार यही कह रहा है कि जब तक उसकी पत्नी और बच्चे नहीं आएंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। इस कारण प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ युवक को समझाने का प्रयास कर रही है। प्रशासन द्वारा परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है, ताकि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
खबरें और भी
जादोपुर थाना पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।