Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के कुख्यात अपराधी के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल, सिधवलिया CO के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश 

    Updated: Sat, 11 Apr 2026 10:30 AM (IST)

    गोपालगंज में सिधवलिया की सीओ प्रीतिलता और एक फरार अपराधी रंजन यादव के बीच बातचीत का कथित ऑडियो वायरल हुआ है। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने इसे गंभीरता से ल ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सिधवलिया सीओ का फरार अपराधी से बातचीत का ऑडियो वायरल।

    2. डीएम ने सीओ प्रीतिलता के खिलाफ प्राथमिकी का आदेश दिया।

    3. फरार अपराधी रंजन यादव पर 10 हजार का इनाम घोषित।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में सिधवलिया प्रखंड की सीओ और एक फरार कुख्यात अपराधी के बीच बातचीत का कथित ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

    मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम पवन कुमार सिन्हा ने सीओ प्रीतिलता के खिलाफ प्राथमिकी कराने का आदेश दिया है। इसके बाद प्रभारी सीओ के आवेदन पर सिधवलिया थाना में केस कर लिया गया है। हालांकि प्रसारित ऑडियो कब का है इसकी पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।

    सदर प्रखंड प्रमुख के देवर व कुख्यात अपराधी रंजन यादव पर पूर्व से हत्या, रंगदारी व जमीन कब्जा करने के कई मामले दर्ज है। उसपर बीते सितंबर माह में पश्चिम बंगाल के हाबड़ा में हिस्ट्री शीटर रहे सुरेश यादव की हत्या नाम आने के बाद से वह फरार चल रहा है।

    पश्चिम बंगाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके विरुद्ध दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। इसी बीच हड़ताल पर चल रही सिधवलिया की सीओ प्रीतिलता का एक कथित ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें जमीन से जुड़े एक मामले को लेकर बातचीत की बात सामने आ रही है।

    सीओ के खिलाफ कार्रवाई के आदेश

    ऑडियो में सीओ द्वारा पहले अभिवादन करने और अपना परिचय देने की चर्चा भी सामने आई है। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी सरकारी पदाधिकारी का इस तरह एक फरार अपराधी से संपर्क में होना अत्यंत गंभीर है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि ऐसे पदाधिकारी सरकारी व्यवस्था और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का कार्य करते हैं, जिन पर कड़ी कार्रवाई आवश्यक है। डीएम ने प्रभारी सीओ को तत्काल प्राथमिकी कराने का निर्देश दिया है।

    साथ ही संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ प्रपत्र ‘क’ गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी आदेश दिया गया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और आगे की कार्रवाई प्रक्रिया जारी है।

    गोरख की गिरफ्तारी के बाद रंजन यादव पर 10 हजार का इनाम हुआ था घोषित

    पश्चिम बंगाल के हाबड़ा में 30 सितंबर को हुए सुरेश यादव हत्याकांड में एक के बाद एक गिरफ्तारी के बीच अब फरार आरोपित रंजन यादव पर इनाम घोषित किया गया है।

    सिधवलिया थाना क्षेत्र के सुपौली कुंड निवासी गोरख यादव की गिरफ्तारी के बाद गोपालगंज पुलिस ने रंजन यादव की तलाश तेज करते हुए उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

    रंजन यादव नगर थाना क्षेत्र के कुकुरमुक्का गांव का निवासी है और हत्या, रंगदारी समेत कई गंभीर मामलों में वांछित है। वह लंबे समय से फरार चल रहा है और पश्चिम बंगाल पुलिस भी उसकी तलाश कर रही है।

    एसपी विनय तिवारी ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें नगद पुरस्कार दिया जाएगा। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- Muzaffarpur PG Admissions: कॉलेजों की मनमानी से छात्र परेशान, सीटें छिपाकर हो रही बैकडोर एंट्री!

    यह भी पढ़ें- नीतीश के बाद कौन? JDU के पोस्टर में निशांत कुमार को लेकर बड़ा संदेश