खेत से क्रिकेट की पिच तक... अब ग्लेन मैक्ग्रा बताएंगे गोपालगंज के रिंकल की गेंद में कितना दम!
गोपालगंज के किसान पुत्र रिंकल तिवारी का चयन चेन्नई में होने वाले प्रतिष्ठित एमआरएफ हाई परफार्मेंस कैंप के लिए हुआ है। इस कैंप में ऑस्ट्रेलिया के महान ...और पढ़ें

रिंकल तिवारी अपने परिवार के साथ
HighLights
गोपालगंज के रिंकल तिवारी का एमआरएफ हाई परफार्मेंस कैंप में चयन।
ग्लेन मैक्ग्रा चेन्नई में युवा तेज गेंदबाजों को देंगे विश्वस्तरीय प्रशिक्षण।
किसान पुत्र रिंकल का क्रिकेट सफर, एकेडमी से राष्ट्रीय स्तर तक।
बाल्मीकि मणि तिवारी, गोपालगंज। हथुआ प्रखंड के फुलवारी गांव के किसान पुत्र रिंकल तिवारी अब अपनी तेज गेंदबाजी का जलवा चेन्नई से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक दिखाने की ओर बढ़ चले हैं। मानिकपुर स्थित टुन्ना गिरी क्रिकेट एकेडमी के होनहार लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर का चयन देश के प्रतिष्ठित एमआरएफ हाई परफार्मेंस कैंप के लिए हुआ है।
27 जुलाई से चेन्नई में शुरू होने वाले कैंप में देशभर के चुनिंदा तेज गेंदबाज हिस्सा लेंगे। यहां ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा परखेंगे और उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देंगे।
किसान के घर से निकला क्रिकेट का सितारा
रिंकल तिवारी के पिता ऋषिदेव तिवारी किसान हैं। खेती के साथ पूजा-पाठ कर वह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां निर्मला देवी हैं।
तीन भाइयों में सबसे छोटे रिंकल ने 12वीं तक पढ़ाई की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने क्रिकेट को अपना सपना बनाया और लगातार मेहनत करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की राह तैयार की। परिवार की आर्थिक स्थिति कभी उनके जुनून के रास्ते में बाधा नहीं बनी।
टेनिस गेंद से शुरू हुआ सफर, एकेडमी ने पहचानी प्रतिभा
रिंकल वर्ष 2020-21 में मानिकपुर की टुन्ना गिरी क्रिकेट एकेडमी से जुड़े। इससे पहले वह टेनिस बाल क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ी थे।
गोपालगंज में आयोजित एक टूर्नामेंट के दौरान उनकी गेंदबाजी पर एकेडमी संचालक साकेत गिरी की नजर पड़ी। प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें प्रशिक्षण की सलाह दी गई।
आर्थिक स्थिति को देखते हुए एकेडमी में उनसे प्रशिक्षण शुल्क भी नहीं लिया गया। नियमित अभ्यास और तकनीकी सुधार के साथ उनकी गेंदबाजी लगातार निखरती गई।
जिला टीम से बिहार और फिर एमआरएफ तक पहुंची रफ्तार
एकेडमी में शानदार प्रदर्शन के बाद रिंकल का चयन गोपालगंज जिला क्रिकेट टीम में हुआ। यहां बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने बिहार राज्य टीम में जगह बनाई। इसके बाद मार्च 2026 में चेन्नई स्थित एमआरएफ पेस फाउंडेशन के ट्रायल के लिए बुलावा आया।
पांच और छह मार्च को हुए ट्रायल में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच रिंकल ने अपनी तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। चयनित 15 खिलाड़ियों में उनका नाम भी शामिल रहा।
पुडुचेरी कैंप के बाद अब चेन्नई में अगली परीक्षा
एमआरएफ पेस फाउंडेशन में चयन के बाद रिंकल को पुडुचेरी में आयोजित अंडर-19 इंडिया कैंप के लिए चुना गया।
वहां उन्होंने एक माह तक प्रशिक्षण लिया और शानदार प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर अब उन्हें 27 जुलाई से चेन्नई में शुरू होने वाले एमआरएफ हाई परफार्मेंस कैंप के लिए चुना गया है।
इस प्रतिष्ठित कैंप में ग्लेन मैक्ग्रा युवा तेज गेंदबाजों की प्रतिभा को परखने के साथ उन्हें आधुनिक तेज गेंदबाजी की बारीकियां भी सिखाएंगे।
अब मैक्ग्रा की निगाह में होगी गोपालगंज की रफ्तार
जिला क्रिकेट संघ के सचिव और एकेडमी संचालक साकेत गिरी ने बताया कि रिंकल शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और सीखने की ललक रखने वाले खिलाड़ी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार रिंकल की गेंदबाजी देखने के दिन ही उनकी प्रतिभा का अंदाजा हो गया था।
आज उनकी मेहनत रंग लाई है। साकेत गिरी को उम्मीद है कि गोपालगंज के क्रिकेटर शाकिब के बाद रिंकल भी अपनी तेज रफ्तार के दम पर जल्द ही आईपीएल में जगह बनाएंगे और जिले के साथ बिहार का नाम रोशन करेंगे।