गोपालगंज में चौहान परिवार पर दोहरी मार: पोती के इलाज के लिए गए थे अस्पताल, घर में चोरों ने बोला धावा
गोपालगंज के फुलवरिया में उमेश चौहान के सूने घर से लाखों की चोरी हो गई। परिवार पोती के इलाज के लिए अस्पताल में था, तभी चोरों ने नकदी और जेवरात चुरा लिए ...और पढ़ें

चोरी के बाद बिखरा सामान। फोटो जागरण
HighLights
फुलवरिया के कोयलादेवा गांव में सूने घर में चोरी।
परिवार पोती के इलाज के लिए अस्पताल में था मौजूद।
चोरों ने नकदी, जेवरात सहित लाखों का सामान चुराया।
संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज)। फुलवरिया थाना क्षेत्र के कोयलादेवा गांव में रविवार की देर रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामी उमेश चौहान की पोती कई दिनों से बीमार है और उसके इलाज के लिए परिवार के अधिकांश सदस्य अस्पताल में थे।
घर में मौजूद दो बेटियां और उनकी बुजुर्ग मां बगल के कमरे में सो रही थीं। इसी का फायदा उठाकर चोर मुख्य मकान का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और अलमीरा व बक्सों का ताला तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घर में सामान बिखरा मिलने पर चोरी की जानकारी हुई।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उमेश चौहान की पोती की तबीयत खराब होने के कारण परिवार के अधिकांश सदस्य पिछले कई दिनों से अस्पताल में रहकर उसका इलाज करा रहे हैं।
घर की देखभाल में थी बुजुर्ग मां
घर की देखभाल के लिए उमेश चौहान की दो बेटियां और उनकी बुजुर्ग मां गांव में थीं। रविवार रात उन्होंने मुख्य मकान का दरवाजा बाहर से बंद किया और बगल के कमरे में सोने चली गईं। इसी दौरान चोरों ने मुख्य घर को सूना पाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमीरा और बक्सों के ताले तोड़ दिए।
खबरें और भी
इसके बाद उसमें रखे नकद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब परिवार के लोगों ने मुख्य मकान का दरवाजा खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में अभी लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक सप्ताह में चोरी की दूसरी बड़ी घटना से दहशत
थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। बीते सोमवार को पकड़िया टोला गांव निवासी बुलेट चौहान के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। चोर वहां से जेवरात, कपड़े, सूटकेस सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। लगातार दूसरी चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।