बिहार: ड्राइवर ने लोहे की रॉड से की थी हत्या, पुलिस ने सुलझाई डेहरी EO विमल कुमार हत्याकांड की गुत्थी
रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या का खुलासा हो गया है, जिसमें उनके ही चालक मिथिलेश कुमार ने अत्यधिक ड्यूटी और ...और पढ़ें
HighLights
डेहरी EO विमल कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझी।
चालक मिथिलेश ने अत्यधिक ड्यूटी से परेशान होकर की हत्या।
पुलिस ने चालक के बदलते बयानों से पकड़ा झूठ, किया खुलासा।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
इस हत्याकांड में उनके ही चालक मिथलेश कुमार की संलिप्तता पाई गई है। मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने बताया कि चालक ने पूछताछ के दौरान हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने घटना की पूरी कहानी पुलिस को बताई है।
आईजी के अनुसार, चालक ने वाहन में मौजूद लोहे की रॉड से विमल कुमार के सिर पर हमला किया। यह रॉड वाहन के टायर खोलने के काम आती है।

अत्यधिक ड्यूटी और डांट के गुस्से में की हत्या
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा अधिक ड्यूटी लेने और लगातार दबाव बनाए रखने के कारण मानसिक तनाव में था।
घटना वाले दिन डेहरी से पटना जाते समय भी उसने शाम होने के बाद जाने से मना किया था। उसने खाना भी नहीं खाया था, लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी ने उसे डांटते हुए साथ चलने को कहा।
चालक के अनुसार, देर रात बारुण थाना क्षेत्र के बारुण-दाउदनगर-पटना नहर रोड स्थित लख डिहरा गांव के पास उसने पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकी। तब भी ईओ ने उसे डांटा। इससे उसका गुस्सा और बढ़ गया।
रास्ते में गाड़ी रोक रॉड से मारकर ली जान
उसने गाड़ी के पीछे रखी टायर खोलने वाली रॉड निकाली और पहले गाड़ी पर मारा। इसके बाद गाड़ी से ईओ निकले तो सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने लगातार कई वार किए, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
हत्या को हादसा दिखाने के लिए चालक ने वाहन को सड़क किनारे पलट दिया। फिर लगा कि इससे काम नहीं बनेगा तो अपाची की कहानी गढ़ दी।
इसके बाद उसने मोबाइल से कार्यपालक पदाधिकारी की पत्नी और नगर परिषद कार्यालय के कई लोगों को फोन कर मौत की सूचना दी। तब पुलिस को जानकारी हुई।

(लोहे की रॉड लेकर निकलते गोताखोर।)
बदलते बयान से आया शिकंजे में
आईजी विकास वैभव ने बताया कि शुरुआत से ही चालक के बयान ने उसे संदेह के घेरे में रखा। पहले उसने बताया कि दो अपाची बाइक से अपराधी थे। फिर कहा, एक अपाची बाइक से। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो सारी बात सामने आ गई।
आईजी ने बताया कि अब तक की जांच में चालक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर ली गई है।
चालक ने पूछताछ में रॉड को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है, जिसके बाद गोताखोरों की टीम ने उसे बरामद किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। चालक कौआखोच गांव का निवासी है और डेहरी के मोहनबिगहा में किराये के मकान में रहता है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- 'रोज फोन कर बुलाते थे विधायक, 50 लाख मांगते थे; EO विमल कुमार हत्याकांड में पत्नी के आरोप
यह भी पढ़ें- 'शनिवार रात तक मेरे साथ थे EO विमल कुमार', डेहरी विधायक सोनू सिंह ने बताई आखिरी मुलाकात की बात, बोले- वे परेशान थे
यह भी पढ़ें- औरंगाबाद: डेहरी नगर परिषद के EO विमल कुमार हत्याकांड में एक्शन, पुलिस ने ड्राइवर को किया गिरफ्तार