'रोज फोन कर बुलाते थे विधायक, 50 लाख मांगते थे; EO विमल कुमार हत्याकांड में पत्नी के आरोप
डेहरी नगर परिषद के ईओ विमल कुमार की हत्या के मामले में उनकी पत्नी बबीता ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक उनके पति को प्रताड़ित ...और पढ़ें
HighLights
ईओ विमल कुमार की पत्नी ने विधायक पर लगाए आरोप।
विधायक पर 50 लाख रुपये मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप।
पत्नी ने निष्पक्ष जांच और नार्को टेस्ट की मांग की।
संवाद सहयोगी, दानापुर। रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के मामले में उनकी पत्नी बबीता ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
पोस्टमार्टम के बाद जब विमल कुमार का शव पटना के दानापुर स्थित उनके आवास पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में बबीता देवी ने डेहरी के विधायक पर पति को लगातार प्रताड़ित करने और रुपये मांगने का आरोप लगाया।
पति के शव के पास बिलखती हुई बबीता देवी बार-बार विधायक का नाम लेते हुए न्याय की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने दावा किया कि विधायक अक्सर उनके पति को फोन कर मिलने के लिए बुलाते थे और उन पर दबाव बनाते थे।
'कभी 50 लाख तो 25 लाख मांगते थे'
बबीता देवी ने आरोप लगाया कि विधायक उनके पति से कभी 50 लाख रुपये तो कभी 25 लाख रुपये की मांग करते थे। उन्होंने कहा, "मेरे पति कहते थे कि हम इतने पैसे कहां से देंगे।
विधायक क्या-क्या कहते थे, यह वह विस्तार से नहीं बताते थे। बस फोन पर 'हां सर, हां सर' कहते रहते थे। पति उसके कारण काफी परेशान रहते थे।
उन्होंने बताया कि उन्होंने कई बार पति को सलाह दी थी कि वे वहां से तबादला कराकर किसी छोटे शहर में चले जाएं। 'मैं कहती थी कि आप यहां मत रहिए, किसी छोटे स्थान पर पोस्टिंग करा लीजिए।
'29 जुलाई को विधायक से मिलने गए थे'
बबीता के अनुसार, 29 जुलाई को उनके पति विधायक से मिलने गए थे। हालांकि, लौटने के बाद उन्होंने मुलाकात में क्या बात हुई, इसकी जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें संदेह है कि उसी मुलाकात के बाद घटनाक्रम ने गंभीर मोड़ लिया।
खबरें और भी
वहीं, मौके पर मौजूद ईओ के एक रिश्तेदार ने भी रोते हुए आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में चालक की भूमिका संदिग्ध है और उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
'ड्राइवर ने कहा- साहब को अपाची सवार ने मार दिया'
बबीता ने बताया कि घटना के बाद सबसे पहले चालक का फोन आया। चालक ने कहा, मैडम, साहब नहीं रहे। अपाची बाइक पर आए लोगों ने उन्हें मार दिया।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने चालक से पूछा कि यदि हमला हुआ था तो गाड़ी क्यों रोकी गई और उसने क्या प्रयास किया, तो चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
यह भी पढ़ें- 'शनिवार रात तक मेरे साथ थे EO विमल कुमार', डेहरी विधायक सोनू सिंह ने बताई आखिरी मुलाकात की बात, बोले- वे परेशान थे
'नार्को टेस्ट कराइए, सभी आरोपितों को सजा मिले'
बबीता देवी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि चालक समेत सभी संदिग्धों का नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जो भी इस हत्या में शामिल हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
'पदाधिकारी सबसे कमजोर कड़ी बन गए हैं'
रोते-बिलखते हुए उन्होंने कहा कि आज अधिकारियों की सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल बन गई है। 'आजकल पदाधिकारियों को मारना जैसे ट्रेंड बन गया है।
मंत्री और विधायक सुरक्षित रहते हैं, लेकिन हर जिम्मेदारी और हर खतरा अधिकारियों के सिर पर डाल दिया जाता है। पदाधिकारी सबसे कमजोर कड़ी बन गए हैं।"
फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की जांच में जुटी है। पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने नया राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। फिलहाल इस मामले में विधायक का पक्ष नहीं आया है।