'शनिवार रात तक मेरे साथ थे EO विमल कुमार', डेहरी विधायक सोनू सिंह ने बताई आखिरी मुलाकात की बात, बोले- वे परेशान थे
डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के ईओ विमल कुमार की हत्या के मामले में उनकी पत्नी ने डेहरी विधायक सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक ने आरोपों को खार ...और पढ़ें

डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह। फाइल
HighLights
ईओ विमल कुमार की पत्नी ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप।
विधायक सोनू सिंह ने आरोपों को बताया पूरी तरह निराधार।
विधायक के अनुसार ईओ विमल कुमार आखिरी बार परेशान थे।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन। डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या मामले में पत्नी ने डेहरी विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक रोज फोन करके उनके पति को परेशान करते थे। कभी 25 तो कभी 50 लाख रुपये मांगते थे। अब इस पर डेहरी के लोजपा (आर) विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह का पक्ष सामने आया है।
किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं
उन्होंने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जनता के कार्यों और शहर के विकास के लिए वे विधान सभा में मुद्दा उठाते रहे हैं लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि किसी अधिकारी से उनकी व्यक्तिगत दुश्मनी है।
उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि शनिवार रात अनुमंडल प्रशासन द्वारा आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के ईओ विमल कुमार रात लगभग साढ़े आठ बजे तक उनके साथ थे।
कार्यक्रम में उतरा हुआ था ईओ का चेहरा
उनका चेहरा उतरा हुआ था। बताए कि सर तबीयत ठीक नहीं लग रही है। वायरल फीवर जैसा लग रहा है। विधायक ने उन्हें कहा कि सुबह आपके साथ चाय पीयेंगे, तब उन्होंने कहा कि कल मैं पटना में रहूंगा। सोमवार को आपसे भेंट होगी।
इसके चार दिन पूर्व भी उनसे बात हुई थी तब भी वे परेशान थे। बताए कि यहां से किसी तरह मेरा ट्रांसफर करवा देते तो मेरे लिए बहुत अच्छा रहता। मै इस नगर परिषद में नहीं रहना चाहता हूं।
विधायक ने हत्या मामले में स्पष्ट किया कि वे किसी भी अधिकारी से शिष्टाचार के साथ ही जनता के कार्यों के लिए कहते हैं। उनपर किसी अन्य प्रकार के कार्य या लेनदेन के बारे में कोई आरोप नहीं लगा सकता है।
खबरें और भी
उच्चस्तरीय जांच से सामने आएगी सच्चाई
पैसे के लिए प्रताड़ित करना उनके संस्कार में नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में हुए कार्यों और उसके भुगतान की स्थिति की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए जिससे कई तथ्य सामने आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस घटना में गिरफ्तार चालक से कड़ाई से पूछताछ भी होनी चाहिए ताकि घटना का कारण स्पष्ट हो सके। बताया कि वे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव से भी पूरे मामले की जांच करने के लिए कहे हैं। पुलिस इस मामले में जांच शुरू कर दी है।